खड़गे के ‘मोदी का बाप भी जाएगा’ बयान पर कहा- यह बात विचारधारा को लेकर कही

8.0kViews
1436 Shares

कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल आज (26 अक्टूबर) चंडीगढ़ में हैं। उन्होंने पंजाब कांग्रेस के नेताओं के साथ बैठकें कीं। इसके बाद उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस की।

बैठक से पहले केसी वेणुगोपाल ने कहा था कि वह चुनाव और संगठन के सिलसिले में आए हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब एक बदलाव की ओर देख रहा है। यहां लॉ एंड ऑर्डर बिगड़ चुका है। ड्रग माफिया पैर पसार चुका है। हमें इन तमाम सामाजिक बुराइयों को खत्म करने की जरूरत है। हमारा मकसद पंजाब को फिर से जीतना और इन बुरी ताकतों से पंजाब को बचाना है। पूरा भरोसा है कि हम पंजाब में सरकार बनाने जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि हम 4 नवंबर से चुनाव अभियान शुरू कर रहे हैं। हमारे नेता राहुल गांधी 4 नवंबर को पंजाब आएंगे और एक विशाल रैली को संबोधित करेंगे।

वहीं, पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के पीएम नरेंद्र मोदी को लेकर दिए बयान पर वेणुगोपाल ने कहा कि- मुझे लगता है कि अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने यह बात वैचारिक रूप से कही है। वैचारिक रूप से भाजपा के लोगों का बाप राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) है, और उनका कहने का सिर्फ यही मतलब था। पटना में कार्यक्रम के दौरान भड़ककर खड़गे ने कहा था- मोदी क्या, उसका बाप भी जाएगा।

दिल्ली रैली के लिए भीड़ जुटाने का टारगेट

वह रविवार देर शाम को यहां पहुंचे थे। वेणुगोपाल के इस दौरे का मुख्य उद्देश्य 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली रैली के लिए बड़ी संख्या में समर्थन जुटाना है। वोट चोरी के मुद्दे पर राहुल गांधी इस रैली को लीड करेंगे। इसमें INDIA ब्लॉक के अन्य नेता भी शामिल होंगे। इस रैली में बड़ी संख्या में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को जुटाने की तैयारी है।

रैली में पंजाब के नेताओं को कम से कम 50 हजार लोग लाने का टारगेट दिया गया है। इसके अलावा वेणुगोपाल पंजाब में होने वाली राहुल गांधी की रैली की तैयारियों को भी जांचने आए हैं। 4 नवंबर को राहुल गांधी की संगरूर में रैली प्रस्तावित है। इस रैली से वह पंजाब विधानसभा चुनाव का कैंपेन लॉन्च करेंगे।

वोट चोरी के मुद्दे पर दिल्ली में महारैली

INDIA ब्लॉक और कांग्रेस की अगुवाई में 1 नवंबर 2026 को दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में विशाल महारैली और जन मार्च का आयोजन हो रहा है। इस आंदोलन को कांग्रेस ने वोट बचाओ-देश बचाओ और चलो दिल्ली का नारा दिया है।

विपक्ष का आरोप है कि विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभ्यास के दौरान मतदाता सूचियों में बड़े पैमाने पर गड़बड़ियां की गई हैं और मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं। इस आधार पर विपक्ष मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग पर अड़ा है।

पंजाब कांग्रेस को 50 हजार लोग जुटाने की टारगेट

पार्टी सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सभी कांग्रेस सांसदों को 30 अक्टूबर से 1 नवंबर तक दिल्ली में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने का निर्देश दिया है। राहुल गांधी समेत INDIA ब्लॉक के तमाम शीर्ष नेता इस मंच पर एकजुट दिखेंगे।

कांग्रेस का दावा है कि रैली में लाखों लोग जुटेंगे, जिसमें अकेले हरियाणा से 1 लाख और जम्मू-कश्मीर से करीब 5,000 कार्यकर्ता दिल्ली पहुंच रहे हैं। इसी कड़ी में पंजाब कांग्रेस को करीब 50,000 लोगों को दिल्ली लाने का लक्ष्य दिया गया है।

इसी लक्ष्य को पूरा करने और जिलों से कार्यकर्ताओं की ड्यूटी लगाने के लिए केसी वेणुगोपाल और पंजाब के वरिष्ठ नेताओं की आज एक के बाद एक कई मैराथन बैठकें हैं।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी दिवाली से पहले पंजाब दौरे पर आ रहे हैं। पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष परगट सिंह ने यह जानकारी दी है। वह 4 नवंबर को पंजाब CM भगवंत मान के गृहजिले संगरूर का दौरा करेंगे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *