देवास-बेकाबू कार ने 3 लोगों को कुचला, मौत:पहले 2 महिलाओं को रौंदा, फिर बुजुर्ग को मारी टक्कर; इंदौर से पिकनिक मनाने आया था आरोपी
देवास में तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे खड़ी दो महिलाओं को रौंद दिया। इसके बाद घर के बाहर कुर्सी पर बैठे 80 साल के बुजुर्ग को टक्कर मारते हुए कार सीधे पेड़ से जा टकराई। हादसे में बुजुर्ग और दोनों महिलाओं की मौत हो गई।
मृतकों की पहचान देवनालिया-जूनापानी इलाके के रहने वाले 80 वर्षीय शंकर, 40 वर्षीय मनीबाई और 45 वर्षीय जमुनाबाई के रूप में हुई है। हादसा रविवार को उदयनगर थाना क्षेत्र के दड़ गांव के पास हुआ।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने ड्राइवर को पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपी ड्राइवर को हिरासत में ले लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी पिकनिक मनाने इंदौर से उदयनगर आया था। कार से पिकनिक के दौरान खाना बनाने में इस्तेमाल होने वाले बर्तन भी मिले हैं।
इंदौर से पिकनिक मनाने उदयनगर आए थे
जानकारी के मुताबिक, कार सवार इंदौर के रेसकोर्स रोड इलाके के रहने वाले बताए जा रहे हैं। वे रविवार सुबह पिकनिक मनाने उदयनगर आए थे। सुबह करीब 11 बजे दड़ गांव के पास उनकी कार तेज रफ्तार में थी।
तभी अचानक कार बेकाबू हो गई और सड़क किनारे खड़ी मनीबाई और जमुनाबाई को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दूसरी गंभीर रुप से घायल हो गई।
इसके बाद भी कार नहीं रुकी। घर के बाहर कुर्सी पर बैठकर धूप सेंक रहे 80 वर्षीय शंकर को रौंदते हुए कार पेड़ से जा टकराई। हादसे के बाद अफरा-तफरी मच गई।
लोगों ने महिला और बुजुर्ग दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई।
पुलिस ने ड्राइवर को लिया हिरासत में
पुलिस के अनुसार, कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि अनियंत्रित होने के बाद उसने सड़क किनारे लगे तीन से चार खंभों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके बाद कार पेड़ से जा टकराई। हादसे में कार चालक भी घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।
उदयनगर थाना प्रभारी अभिनव शुक्ला ने बताया कि तीनों शवों का बागली स्वास्थ्य केंद्र में पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। पकड़े गए ड्राइवर धर्मेंद्र जैन का मेडिकल टेस्ट कराने के बाद मामले की जांच की जा रही है।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

