बिहार में TRE-4 से शिक्षकों की भर्ती में पेच:खेती-बागवानी पढ़ाने के लिए बहाल होंगे कृषि शिक्षक, परीक्षा में हो सकती है देर

1132 Shares

बिहार में चौथे चरण की शिक्षक बहाली (TRE-4) में सीटों की संख्या बढ़ने जा रही है। अभी 33,320 पदों पर बहाली के लिए प्रक्रिया चल रही है। 26 अक्टूबर आवेदन की अंतिम तारीख है।

शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी TRE-4 के तहत स्कूल शिक्षकों के रिक्त पदों की संख्या अधिकतम बढ़ाने की कवायद में जुटे हैं। नई रिक्तियों को शामिल करने के लिए शिक्षा विभाग की ओर से BPSC को सप्लीमेंट्री अधियाचना भेजने की तैयारी है।

बिहार के सरकारी स्कूलों में अब कृषि-बागवानी की पढ़ाई का रास्ता खुलने जा रहा है। पहली बार स्कूलों में कृषि शिक्षकों की बहाली होगी। इसके लिए शिक्षा विभाग में कवायद तेज हो गई है।

शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी नई बहाली का रास्ता साफ कराने में जुटे हैं। विभाग के उपनिदेशक स्तर के एक अधिकारी फाइल को आगे बढ़ाने के लिए शिक्षा विभाग से लेकर सामान्य प्रशासन विभाग और मुख्यमंत्री सचिवालय तक दौड़ लगा रहे हैं।

फाइल भेजने के बाद उसकी स्थिति का लगातार पता लगाया जा रहा है। हर स्तर पर फाइल की निगरानी हो रही है। कोशिश है कि आगामी कैबिनेट की बैठक में कृषि शिक्षकों की बहाली पर मुहर लग जाए।

इसके बाद सामान्य प्रशासन विभाग से नए पदों के लिए रोस्टर क्लीयरेंस कराकर बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) को अधियाचना भेज दी जाए। ऐसा हुआ तो TRE-4 के तहत होने वाली शिक्षक बहाली में एक नया विषय जुड़ जाएगा।

अभी किस स्तर पर है कृषि शिक्षक बहाली की फाइल?

सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, शिक्षा विभाग की पूरक अधियाचना से जुड़ी फाइल मुख्यमंत्री और कैबिनेट सचिवालय तक पहुंच गई है। 22 अक्टूबर को सामान्य प्रशासन विभाग और मुख्य सचिव स्तर से फाइल को आगे बढ़ाया गया।

अब निगाहें 28 अक्टूबर को होने वाली कैबिनेट की बैठक पर टिकी हैं। माना जा रहा है कि बैठक में नई वैकेंसी को मंजूरी मिल सकती है। कैबिनेट की मुहर लगते ही आगे की प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी कर BPSC को अधियाचना भेजने का रास्ता साफ हो जाएगा।

कितने पदों पर होगी कृषि शिक्षकों की बहाली?

शिक्षा विभाग के मुताबिक, बिहार के 76 सरकारी स्कूलों में कृषि-बागवानी की पढ़ाई शुरू करने की योजना है। इसके तहत हर जिले के दो स्कूलों में यह विषय पढ़ाया जाएगा।

यानी योजना पर मुहर लगने के बाद कृषि विषय के 76 नए शिक्षक पद सृजित हो सकते हैं। इन स्कूलों में कृषि और बागवानी में रुचि रखने वाले विद्यार्थियों को पढ़ने का अवसर मिलेगा। कृषि क्षेत्र में पोस्ट ग्रेजुएट अभ्यर्थियों को शिक्षक बनने का मौका मिलेगा।

TRE-4.0 बहाली में चौथी बार अधियाचना भेजने की तैयारी

BPSC TRE-4.0 की बहाली में अब चौथी बार अधियाचना भेजने की तैयारी है। शिक्षा विभाग की मानें तो BPSC TRE-4.0 शिक्षक भर्ती की अधियाचना अब तक तीन चरणों में सुधार कर भेजी गई है।

हर बार नए पद जोड़ने से पहले रोस्टर क्लीयरेंस की प्रक्रिया पूरी की जाती है। इसमें जिलेवार रिक्तियों और आरक्षण के प्रावधानों की जांच होती है।

पहली अधियाचना: शुरुआत में 25,857 पदों की अधियाचना भेजी गई थी, जिसे बाद में कैंसिल कर दिया गया।

दूसरी अधियाचना: संशोधित प्रस्ताव में पदों की संख्या बढ़ाकर 32,388 की गई।

तीसरी अधियाचना: अभ्यर्थियों के अनुरोध और तकनीकी सुधार के आधार पर पहले 886 और फिर 932 पद जोड़े गए। इससे कुल पदों की संख्या बढ़कर 33,388 हो गई।

क्या TRE-4 की आवेदन तिथि बढ़ाएगा BPSC?

TRE-4.0 शिक्षक भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन की आखिरी तारीख 26 अक्टूबर 2026 है। परीक्षा शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 25 अक्टूबर है।

अब सप्लीमेंट्री अधियाचना के कारण आवेदन की समय-सीमा बढ़ने की संभावना बन रही है। नए पदों को TRE-4 में शामिल करना है तो आयोग के पास आवेदन की तिथि बढ़ाने का विकल्प है।

अभ्यर्थियों पर क्या पड़ेगा असर?

शिक्षाविद लक्ष्मीकांत सजल ने बताया कि सप्लीमेंट्री अधियाचना और आवेदन भरने की डेट बढ़ने से शिक्षक भर्ती की तैयारी कर रहे छात्रों का इंतजार बढ़ेगा। वहीं, जिन अभ्यर्थियों के आवेदन में गलती रह गई है या जो समय से फॉर्म नहीं भर पाए हैं उन्हें राहत मिलेगी।

1. नए अभ्यर्थियों को मौका: अगर कृषि शिक्षकों के 76 नए पदों समेत अतिरिक्त रिक्तियां TRE-4 में शामिल होती हैं तो पात्र अभ्यर्थियों को आवेदन का अवसर मिल सकता है। हालांकि, इसके लिए BPSC को आवेदन प्रक्रिया में बदलाव या नया निर्देश जारी करना होगा।

2. पहले आवेदन कर चुके अभ्यर्थियों को राहत: जिन अभ्यर्थियों से आवेदन में कोई गलती रह गई है या जो समय पर फॉर्म नहीं भर सके हैं, उन्हें एक्स्ट्रा टाइम मिल सकता है।

3.परीक्षा की तैयारी पर असर: आवेदन की तारीख बढ़ने का मतलब यह जरूरी नहीं कि परीक्षा टल जाएगी, लेकिन अगर अतिरिक्त पदों को शामिल करने के लिए अधियाचना, रोस्टर क्लीयरेंस और विज्ञापन में संशोधन करना पड़ा तो परीक्षा के शेड्यूल पर असर पड़ने की संभावना रहेगी।

2024 के बाद से नहीं हुई शिक्षक भर्ती की परीक्षा

2024 के बाद से बिहार में शिक्षक भर्ती की परीक्षा नहीं हुई है। TRE 3.0 के लिए 7 फरवरी 2024 को विज्ञापन जारी किया गया था।

10 फरवरी 2024 से 26 फरवरी 2024 तक ऑनलाइन आवेदन लिया गया। पहली लिखित परीक्षा 15 मार्च 2024 को ली गई थी। पेपर लीक के आरोप लगने पर 20 मार्च को यह परीक्षा रद्द कर दी गई। इसके बाद 19 जुलाई से 22 जुलाई 2024 के बीच फिर से परीक्षा ली गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *