हिमाचल-बीड़ बिलिंग में सोलो उड़ानों पर रोक, विदेशी पायलट नाराज:MP अनुराग शर्मा से मिला डेलीगेशन; पर्यटन कारोबार पर पड़ सकता है असर

4.5kViews
1948 Shares

हिमाचल प्रदेश के बीड़ बिलिंग में सोलो उड़ानों पर प्रशासन की रोक से पर्यटन कारोबार प्रभावित होने की आशंका है। रोक हटवाने की मांग को लेकर विदेशी पायलटों और स्थानीय लोगों के प्रतिनिधिमंडल ने राज्यसभा सांसद अनुराग शर्मा से मुलाकात की।

प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि इस फैसले से विदेशी पायलटों में नाराजगी है और रोक जारी रहने पर वे मनाली या अन्य पर्यटन स्थलों का रुख कर सकते हैं। इससे स्थानीय कारोबारियों की आमदनी पर असर पड़ सकता है।

कुछ पायलट अनधिकृत स्थानों से उड़ान भर रहे

स्थानीय लोगों ने यह चिंता भी जताई कि प्रतिबंध के बावजूद कुछ पायलट अनधिकृत स्थानों से उड़ान भर रहे हैं। इससे सुरक्षा संबंधी जोखिम बढ़ सकता है। उन्होंने प्रशासन से ऐसा समाधान निकालने की मांग की, जिससे सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के साथ पर्यटन गतिविधियां भी प्रभावित न हों।

मंगलवार या बुधवार से उड़ानें फिर शुरू होने के आसार

सांसद अनुराग शर्मा ने मामले में अधिकारियों को मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने पायलटों और स्थानीय प्रतिनिधियों को आश्वासन दिया कि बीड़ बिलिंग में सोलो उड़ानें दोबारा शुरू करवाने के लिए प्रयास किए जाएंगे।

प्रतिनिधिमंडल को उम्मीद है कि आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद मंगलवार या बुधवार से उड़ानें फिर शुरू हो सकती हैं। हालांकि, उड़ानें बहाल करने को लेकर अंतिम फैसला प्रशासन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *