जौनपुर में मड़हे पर गिरा गुलमोहर, सब्जी विक्रेता की मौके पर मौत

6.9kViews
1378 Shares

जौनपुर के करंजाकला में मड़हे में बैठे सब्जी विक्रेता पर भरभराकर गिरा गुलमोहर, मौके पर ही मौत

जौनपुर। उत्तर प्रदेश के जौनपुर में शनिवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के करंजाकला गांव में खेत के पास मड़हे में बैठे एक सब्जी विक्रेता के ऊपर अचानक गुलमोहर का पेड़ भरभराकर गिर गया। पेड़ के नीचे दबने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

मृतक की पहचान करंजाकला गांव निवासी अर्जुन सोनकर (37) के रूप में हुई है। बताया गया कि अर्जुन शनिवार सुबह करीब नौ बजे घर से कुछ दूरी पर खेत के पास बने मड़हे में बैठे थे। इसी दौरान उन्हें कुछ टूटने की आवाज सुनाई दी। वह कुछ समझ पाते, इससे पहले ही मड़हे के पास खड़ा गुलमोहर का पेड़ अचानक उनके ऊपर गिर गया।

पेड़ गिरने से अर्जुन उसके नीचे दब गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उन्हें पेड़ के नीचे से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।

हादसे की सूचना मिलने पर परिवार के लोग भी घटनास्थल पर पहुंच गए। अर्जुन की मौत की खबर मिलते ही घर में चीख-पुकार मच गई। पत्नी समेत अन्य स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है। अचानक हुए इस हादसे से पूरे गांव में शोक का माहौल है।

अर्जुन सोनकर अपने पीछे दो पुत्र और एक पुत्री छोड़ गए हैं। उनके दो बेटों की उम्र 11 और 9 वर्ष, जबकि बेटी की उम्र 8 वर्ष बताई गई है। पिता की अचानक मौत से तीनों बच्चों का भी रो-रोकर बुरा हाल है।

घटना ने परिवार को गहरा सदमा दिया है। सुबह के समय खेत के पास मड़हे में बैठे अर्जुन को इस बात का अंदाजा भी नहीं था कि कुछ ही पल में गुलमोहर का पेड़ उनके लिए जानलेवा साबित होगा। गांव में इस दर्दनाक हादसे को लेकर लोग शोक जता रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *