आंखों में गुस्सा…मुंह में सिगरेट, आलिया-रणबीर के बाद Love & War से Vicky Kaushal का इंटेंस पोस्टर हुआ आउट
मुंबई। संजय लीला भंसाली की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘Love & War’ को लेकर दर्शकों का उत्साह लगातार बढ़ रहा है। रणबीर कपूर और आलिया भट्ट के फर्स्ट लुक के बाद अब फिल्म से विक्की कौशल का भी पहला पोस्टर सामने आ गया है। पोस्टर में विक्की का बेहद इंटेंस और रफ-टफ अंदाज देखने को मिल रहा है।
विक्की कौशल के पोस्टर में वह मुंह में सिगरेट दबाए और हाथ में लाइटर लिए नजर आ रहे हैं। उनके चेहरे पर गुस्से और गंभीरता से भरी नजरें दिखाई दे रही हैं। मूंछों और माथे पर दिख रहे निशान के साथ उनका रफ लुक फिल्म में उनके किरदार के गंभीर तेवरों की झलक देता है।
फिल्म के मेकर्स ने विक्की का फर्स्ट लुक जारी करते हुए लिखा, “Nazre milengi, lekin hatengi nahin!” यानी नजरें मिलेंगी, लेकिन हटेंगी नहीं। पोस्टर में उनके किरदार से जुड़ी विस्तृत जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है, जिससे कहानी और उनके चरित्र को लेकर सस्पेंस बना हुआ है।
इससे पहले ‘Love & War’ से रणबीर कपूर और आलिया भट्ट के पोस्टर भी रिलीज किए जा चुके हैं। रणबीर के पोस्टर में उनका लुक गंभीर और चोटिल अंदाज में नजर आया था, जबकि आलिया भट्ट के फर्स्ट लुक में रेट्रो ग्लैमर देखने को मिला। अब विक्की के पोस्टर ने फिल्म के तीनों प्रमुख किरदारों की पहली झलक पूरी कर दी है।
‘Love & War’ का निर्देशन संजय लीला भंसाली कर रहे हैं। फिल्म में रणबीर कपूर, आलिया भट्ट और विक्की कौशल मुख्य भूमिकाओं में हैं। फिल्म की कहानी और किरदारों से जुड़ी ज्यादातर जानकारियां अभी मेकर्स ने पर्दे में रखी हैं।
फिल्म की रिलीज डेट 21 जनवरी 2027 तय की गई है। ‘Love & War’ हिंदी के साथ तमिल और तेलुगु भाषाओं में भी दुनियाभर में रिलीज होगी। विक्की कौशल के फर्स्ट लुक के सामने आने के बाद अब फिल्म के अगले अपडेट और प्रमोशनल कैंपेन पर दर्शकों की नजर रहेगी।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

