महेंद्रगढ़ में एजुकेशनल टूर से लौट रही छात्राओं की कार का फटा टायर, एक की मौत; दो गंभीर घायल

6.3kViews
1747 Shares

शैक्षणिक टूर से लौटने के बाद घर पहुंचने की तैयारी कर रही छात्राओं को क्या पता था कि रास्ते में एक हादसा उनकी जिंदगी बदल देगा।

अटेली-कनीना रोड पर गांव सलीमपुर के पास रविवार सुबह अचानक कार का टायर फटने से खुशियों भरा सफर चीख-पुकार में बदल गया।

अनियंत्रित कार सड़क किनारे गहरे गड्ढे में जा गिरी। हादसे में भीटेडा काॅलेज की बीएससी फाइनल की छात्रा रीत की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार चला रहे काॅलेज प्रवक्ता डाॅ. जयपाल और दूसरी छात्रा मुस्कान गंभीर रूप से घायल हो गए।

सलीमपुर के पास अचानक फट गया टायर
जानकारी के अनुसार गांव हुडिया जैतपुर निवासी रीत और गांव परतापुर निवासी मुस्कान भीटेडा काॅलेज में बीएससी फाइनल ईयर की छात्राएं थीं। दोनों काॅलेज की ओर से शैक्षणिक टूर पर गई थीं।

टूर से लौटने के बाद काॅलेज प्रवक्ता डाॅ. जयपाल अपनी कार से अटेली रूट की छात्राओं और एक महिला प्राध्यापिका को उनके घर छोड़ने जा रहे थे। महिला प्राध्यापिका को अटेली उतारने के बाद वे दोनों छात्राओं को लेकर आगे बढ़े ही थे कि सलीमपुर के पास कार का अचानक टायर फट गया।

बेहतर उपचार के लिए दूसरे अस्पताल ले गए

टायर फटते ही कार चालक के नियंत्रण से बाहर हो गई और सड़क किनारे गहरे गड्ढे में जा पलटी। हादसा इतना भीषण था कि कार में सवार छात्राएं खिड़की से बाहर जा गिरीं और कार उनके ऊपर पलट गई। रीत कार के नीचे दब गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

वहीं, मुस्कान और डाॅ. जयपाल गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने घायलों को संभाला और एंबुलेंस को सूचना दी। दोनों घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। मुस्कान की गंभीर हालत को देखते हुए परिजन उसे बेहतर उपचार के लिए दूसरे अस्पताल ले गए।

बेटियों का इंतजार कर रहे थे पिता, पहुंची हादसे की खबर

इस हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। दोनों छात्राओं के पिता प्रवक्ता के गांव बौचड़िया में अपनी बेटियों के लौटने का इंतजार कर रहे थे। उन्हें उम्मीद थी कि बेटियां टूर से लौटकर जल्द घर पहुंचेंगी, लेकिन घर पहुंचने से पहले ही हादसे की खबर ने परिवारों पर दुखों का पहाड़ तोड़ दिया।

वहीं राजस्थान के भीटेडा स्थित काॅलेज के प्रिंसिपल जितेंद्र यादव ने अपने बयान में कहा है कि काॅलेज का टूर देर शाम ही वापस आ गया था। इसके बाद सभी छात्राओं को उनके घर भेज दिया गया था। उन्होंने कहा कि हादसे में काॅलेज की कोई भूमिका नहीं है। दोनों छात्राएं प्रवक्ता के साथ अपने घर जा रही थीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *