कोलकाता: सरकारी स्कूल की 31 छात्राएं अचानक हुईं बीमार, आनन-फानन में अस्पताल में कराया गया भर्ती

5.7kViews
1542 Shares

बंगाल के कोलकाता में एक सरकारी स्कूल में उस वक्त हड़कंप मच गया जब 31 छात्राओं की एकसाथ तबीयत खराब हो गई। कोलकाता के श्यामबाजार इलाके में एक सरकारी स्कूल की कम से कम 31 छात्राएं बीमार पड़कर अस्पताल में भर्ती कराई गई हैं।

सोमवार रात 24 छात्राओं में मतली, उल्टी और पेट दर्द की शिकायत हुई, जिसके बाद उन्हें आरजी कर मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल ले जाया गया। मंगलवार को सात और छात्राओं को भर्ती किया गया।

राज्य स्वास्थ्य मंत्री शरदवत मुखोपाध्याय ने सोमवार देर रात अस्पताल पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि शाम करीब 6 बजे कुछ छात्राओं को मतली और पेट दर्द की शिकायत हुई।

हॉस्टल वार्डन ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया। कुछ छात्राओं में डिहाइड्रेशन भी था। तुरंत इलाज शुरू किया गया और एक घंटे के अंदर सभी की हालत स्थिर हो गई।

अभिभावकों का आरोप है कि मिड-डे मील या खराब पानी की वजह से छात्राएं बीमार हुईं। मंगलवार को राज्य स्वास्थ्य विभाग, कोलकाता म्यूनिसिपल कॉर्पोरेशन (केएमसी) और आईसीएमआर की टीमों ने स्कूल के किचन और पानी के सैंपल एकत्र किए।

पुलिस ने दो किचन सील कर दिए हैं, जिनमें से एक में आसपास के स्कूलों के करीब 6,000 छात्रों के लिए भोजन पकाया जाता था। जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *