मैथिली ठाकुर के क्षेत्र अलीनगर के CHC में उर्दू में नामपट्ट लगाने की मांग, सियासत की आहट

9.6kViews
1527 Shares

 जिले के अलीनगर विधानसभा क्षेत्र का नाम बदलकर ‘सीतानगर’ किए जाने की चर्चा के बीच एक नया मामला सामने आया है।

अब सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अलीनगर में हिंदी और अंग्रेजी के साथ उर्दू भाषा में भी नामपट्ट लगाने की मांग शुरू हो गई है।

स्थानीय स्तर पर इस मांग के जोर पकड़ने से आने वाले दिनों में क्षेत्र में सियासत तेज होने की आशंका जताई जा रही है।

सीएचसी प्रभारी को ज्ञापन

इस संबंध में अंजुमन तरक्की-ए-उर्दू की अलीनगर प्रखंड कमेटी के प्रतिनिधिमंडल ने प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. विमलेश प्रकाश से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।

प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व संगठन के प्रखंड अध्यक्ष मो. जिलानी अंसारी और सचिव आसिफ आदिल कर रहे थे। सौंपे गए ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि अस्पताल के मुख्य द्वार, ओपीडी, इमरजेंसी, प्रसूति विभाग और दवा वितरण केंद्र में फिलहाल केवल हिंदी व अंग्रेजी में बोर्ड लगे हैं।

मरीजों की सुविधा का तर्क
संगठन का कहना है कि इलाके में उर्दू पढ़ने और समझने वाले लोगों की तादाद काफी अधिक है। उर्दू में नामपट्ट होने से अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों, विशेषकर बुजुर्गों और ग्रामीण आबादी को संबंधित विभाग तक जाने में काफी सहूलियत होगी।

इसके अलावा उर्दू बिहार की द्वितीय राजभाषा भी है, इसलिए जनसुविधा और भाषा के सम्मान को देखते हुए प्रमुख स्थानों पर उर्दू में भी बोर्ड लगाए जाने चाहिए।

प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी का आश्वासन

प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. विमलेश प्रकाश ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को सुनने के बाद मांग पर सकारात्मक विचार करने का भरोसा दिलाया है।

इस दौरान प्रतिनिधिमंडल में कोषाध्यक्ष मो. मिनहाज, उपाध्यक्ष सैयद आरिफ हुसैन, अल्ताफ हैदर, संयुक्त सचिव इरशाद कादिर, मो. सितारे शाह और रहबर नूरानी सहित कई अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

नाम बदलने का वादा

गौरतलब है कि भाजपा विधायक और प्रसिद्ध लोक गायिका मैथिली ठाकुर ने चुनाव प्रचार के दौरान अलीनगर का नाम बदलकर ‘सीतानगर’ करने का वादा किया था।

उन्होंने कहा था कि यह मिथिला की पावन भूमि और माता सीता का क्षेत्र है, इसलिए जनभावनाओं का सम्मान करते हुए वह नाम परिवर्तन का पूरा प्रयास करेंगी।

चुनाव जीतकर विधायक बनने के बाद वह क्षेत्र में स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य विकास कार्यों को लेकर भी लगातार सक्रिय हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *