हिमाचल में भारी बारिश के बाद आज खिली धूप ने दी राहत, कल से फिर तेवर दिखाएगा मौसम; चेतावनी जारी

1716 Shares

हिमाचल प्रदेश में आज बुधवार को मौसम ने कुछ राहत दी है, लेकिन कल से फिर मानसून कड़े तेवर दिखाएगा। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 13 अगस्त से प्रदेशभर में मानसून एक बार फिर रफ्तार पकड़ेगा। विभाग के अनुसार, 13 से 18 अगस्त तक राज्य के छिटपुट स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है। इसे देखते हुए संबंधित प्रशासन और स्थानीय लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

अधिकतम तापमान में गिरावट

प्रदेश में मानसून की गतिविधियों के बीच कांगड़ा और चंबा जिलों में मौसम के अलग-अलग रंग देखने को मिले हैं। पिछले 24 घंटों के दौरान कांगड़ा जिले में मध्यम से तेज बारिश दर्ज की गई, जबकि चंबा और भरमौर के क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा हुई है। बारिश के चलते प्रदेशभर के अधिकतम तापमान में 2 से 8 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आई है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है।

धर्मशाला में सबसे ज्यादा बारिश

मौसम केंद्र शिमला द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, कांगड़ा जिले के धर्मशाला में सर्वाधिक 57.2 मिलीमीटर और पालमपुर में 54.6 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। देहरा गोपीपुर में 18.3 मिमी और कांगड़ा शहर में 15.2 मिमी वर्षा हुई। दूसरी ओर, चंबा जिले के भरमौर में 9.0 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। डलहौजी में 1.0 मिमी वर्षा हुई।

यहां 11.2 डिग्री सेल्सियस तापमान

चंबा शहर में तापमान 22.5 डिग्री सेल्सियस (न्यूनतम) दर्ज किया गया। लाहुल-स्पीति का कुकुमसेरी 11.2 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य में सबसे ठंडा स्थान रहा। पहाड़ी क्षेत्रों और नदी-नालों के किनारे जाने से बचें। आगामी दिनों में भारी बारिश के पूर्वानुमान को देखते हुए यात्रा करते समय मौसम का अपडेट अवश्य लें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *