हिमाचल के दानवीर डॉ. राजेंद्र कंवर: 80 करोड़ की संपत्ति कर दी सरकार के नाम, CM सुक्खू ने भी की प्रशंसा

1788 Shares

 हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर निवासी बुजुर्ग डॉक्टर ने करीब 80 करोड़ रुपये की संपत्ति दान कर दी है। नादौन के जोलसप्पड़ निवासी रिटायर्ड सीनियर मेडिकल ऑफिसर डॉ. राजेंद्र कंवर ने माता-पिता सहित पत्नी की आखिरी इच्छा पूरी की है। उन्होंने अपने जीवन पूरी चल-अचल संपत्ति सरकार को दान कर दी है। डॉ. कंवर ने अंगदान करने का भी फैसला लिया है। 77 वर्षीय डा. राजेंद्र कंवर 33 वर्ष स्वास्थ्य विभाग में नौकरी करने के बाद भी दुखी, गरीब मरीजों का उपचार कर रहे हैं।

दो मंजिला मकान वृद्ध आश्रम के लिए हो प्रयोग

उन्होंने अपना दो मंजिला मकान वृद्ध आश्रम के लिए प्रयोग में लाए जाने की इच्छा जताई। इसका नाम कृष्णा-राजेंद्र ओल्ड एज होम रखा जाए। उन्होंने इच्छा जताई है कि उनकी संपत्ति सीनियर सिटीजन व दुखी और गरीब लोगों की सहायता में लाई जाए।

गिफ्ट डीड की

डॉ. कंवर ने 2021 में संपत्ति की वसीयत सरकार के नाम कर दी थी। अब हाल ही में उन्होंने गिफ्ट डीड कर संपत्ति सरकार के हवाले कर दी है। उनकी जमीन का इंतकाल भी मेडिकल कॉलेज हमीरपुर के नाम दर्ज हो गया है।

कुल 80 करोड़ की संपत्ति

डॉ. कंवर की कोई संतान नहीं है। उन्होंने व उनकी पत्नी ने अपनी सारी संपत्ति समाज के हित में देने का निर्णय लिया था। सरकार के नाम की गिफ्ट डीड में दो मंजिला मकान समेत, 5.5 कनाल भूमि, करोड़ों के आभूषण व बैंक में जमा रकम सहित अन्य संपत्ति शामिल है। इस पूरी संपत्ति की कीमत करीब 80 करोड़ रुपये बनती है।

सीएम सुक्खू ने की प्रशंसा

डॉ. कंवर के इस कदम की हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने भी तारीफ की है। सीएम सुक्खू ने कहा कि उनके गृह जिला हमीरपुर के जोलसप्पड़ निवासी वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. राजेंद्र कंवर ने अपनी और दिवंगत पत्नी कृष्णा कंवर की 80 करोड़ रुपये से अधिक की चल-अचल संपत्ति प्रदेश सरकार को समर्पित कर त्याग और जनसेवा की अनुकरणीय मिसाल पेश की है। जीवनभर की कमाई को समाज के नाम कर देना अपने जीवन के श्रम को लोककल्याण के लिए अर्पित करने का भाव है। डॉ. कंवर के इस महान संकल्प के लिए हृदय से आभार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *