अंबेडकरनगर में चोरों का आतंक, निशाने पर आभूषण की दुकान और मकान, पुलिस की कार्रवाई पर सवाल

चोरी की घटनाएं एक बार फिर बढ़ने लगी हैं। चोर लगातार घरों और आभूषण की दुकानों को निशाना बनाकर लाखों रुपये के आभूषण व नकदी पर हाथ साफ कर रहे हैं। इससे लोग में दहशत का माहौल है। पुलिस अब तक किसी भी मामले का खुलासा नहीं कर सकी है। पुलिस की कार्रवाई मुकदमा दर्ज करने और सीसी फुटेज खंगालने तक सिमटी है।

आलापुर के बहिगवां जोगीपुर के दिग्विजय यादव के घर में शनिवार की रात घुसे चोर नकदी व आभूषण समेट ले गए। एक दिन पहले चोरों ने जहांगीरगंज के मदुआना की मीरा के घर को निशाना बनाया था। यह घटना तब हुई, जब वह शादी समारोह में शामिल होने गई थीं।

वहीं, जलालपुर के पंथीपुर बाजार स्थित आभूषण की दुकान का शटर तोड़कर शनिवार की रात चोर अंदर घुस गए। दुकान में रखे सोने-चांदी के आभूषणों के साथ नकदी भी समेट ले गए। दुकानदार मुकेश कुमार के मुताबिक चोर 150 ग्राम चांदी व 3.30 ग्राम सोने के आभूषण समेत 12 हजार रुपये ले गए थे।

रविवार को एक घटना अकबरपुर के अरिया बाजार में हुई थी। शिवराम सोनी की दुकान से चोर करीब एक लाख रुपये लेकर फरार हो गया।

सीसी फुटेज में चोर काउंटर खोलकर रुपये निकालते दिख रहा है, लेकिन पुलिस अब तक पहचान नहीं कर सकी है। इसके पहले भी महरुआ, मालीपुर समेत अन्य क्षेत्रों में हुईं चोरी की घटनाओं का पर्दाफाश नहीं हुआ।

अपर पुलिस अधीक्षक हरेंद्र कुमार ने बताया कि सभी थानाध्यक्षों को रात्रि गश्त बढ़ाने का निर्देश देने के साथ घटनाओं के पर्दाफाश के लिए टीमों को लगाया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *