माध्यमिक शिक्षा परिषद ने कक्षा 10 के छात्र-छात्राओं की कराई जाने वाली प्रयोगात्मक परीक्षा की व्यवस्था में बदलाव किया है। अब विज्ञान और गृह विज्ञान की आंतरिक प्रयोगात्मक परीक्षा संबंधित कॉलेज नहीं, परिषद द्वारा आयोजित की जाएगी।
30 अंकों की प्रयोगात्मक परीक्षा परिषद करेगी आयोजित
हाईस्कूल के छात्र-छात्राओं के इन विषयों का आंतरिक मूल्यांकन कॉलेज कराते रहे हैं। शिक्षक मनमाने तरीके से नंबर देते रहे हैं। जिन छात्रों से शिक्षक प्रसन्न रहते थे, उन्हें अधिक नंबर और बाकी को कम नंबर दिए जाते थे। अब दूसरे जिलों से आने वाले शिक्षक प्रयोगात्मक परीक्षा कराएंगे। परीक्षक द्वारा दिए जाने वाले अंकों को अंकपत्र पर अंकित किया जाएगा।
माध्यमिक शिक्षा परिषद ने दिए आदेश, इसी सत्र से लागू
डीआईओएस मुदिता पांडेय ने बताया कि परीक्षा 30-30 अंकों की होगी। इस तरह छात्र-छात्राओं को अंकों के लिए कालेज के शिक्षकों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। उन्हें 30 अंक पाने के लिए बाहर से आने वाले परीक्षक के समक्ष बेहतर प्रदर्शन करना पड़ेगा। परीक्षा किस प्रक्रिया से और किस स्तर पर कराई जाएगी, इसकी व्यवस्था परिषद की ओर से तय की जाएगी।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

