मैदान पर होगा ‘ट्रिपल धमाल’! एक ही दिन में 3 मैच खेलेगा भारत, एक्शन में दिखेंगी सीनियर; जूनियर और विमंस टीम

भारतीय क्रिकेट के लिए बुधवार, 17 जून का दिन खास है। इस दिन मैदान पर ट्रिपल धमाल होने जा रहा है। भारत की सीनियर क्रिकेट टीम के साथ ही जूनियर क्रिकेट टीम और विमंस टीम एक्‍शन में नजर आने वाली है। ऐसे में फैंस को पूरे दिन क्रिकेट का डोज मिलने वाला है। भारत के अलावा बुधवार को 2 और मैच होंगे।

इंडिया ए का सामना अफगानिस्‍तान ए से

तिलक वर्मा की कप्‍तानी में इंडिया ए टीम इन दिनों श्रीलंका के दौरे पर है। इस दौरान भारत, श्रीलंका और अफगानिस्‍तान की ए टीमों के बीच ट्रॉई सीरीज खेली जा रही है। बुधवार को भारतीय ए टीम का सामना अफगानिस्‍तान ए से होगा। यह मैच भारतीय समयानुसार सुबह 10 बजे शुरू होगा। मुकाबला रंगिरी दांबुला अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम में खेला जाएगा। टीम इंडिया के लिए यह मैच काफी अहम है। मैन इन ब्‍ल्‍यू ने अपने पिछले 2 मैच गंवा दिए हैं। ऐसे में टीम हार की हैट्रिक से बचना चाहेगी।

भारत-अफगानिस्‍तान के बीच दूसरा वनडे

भारत की सीनियर मेंस टीम और अफगानिस्‍तान के बीच इन दिनों 3 मैचों की वनडे सीरीज खेली जा रही है। धर्मशाला में खेले गए पहले वनडे को भारत ने 7 विकेट से जीता था। अब शुभमन गिल की नजर सीरीज पर कब्‍जा करने पर है। सीरीज का दूसरा एकदिवसीय मैच बुधवार को लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेई इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। दोपहर 1:30 बजे से इस टक्‍कर का आगाज होगा।

विमंस टीम की टक्‍कर नीदरलैंड से

विमंस टी20 विश्‍व कप 2026 के 10वें मैच में बुधवार को भारतीय टीम की भिड़ंत नीदरलैंड महिला टीम से होगी। यह मुकाबला लीड्स के हेडिंग्ले मैदान पर खेला जाएगा। पाकिस्‍तान की महिला टीम को रौंदने के साथ अपने अभियान की शुरुआत करने वाली हरमनप्रीत कौर की टीम की नजर दूसरी जीत पर होगी। विश्‍व कप का यह मैच भारतीय समयानुसार शाम 7 बजे शुरू होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *