एक केस से दो भाइयों का नाम निकलवाने के लिए महिला सिपाही द्वारा 50 हजार रुपये की रिश्वत लेने के मामले में गुरुग्राम पुलिस ने अब उस थाने की प्रभारी को भी लाइन हाजिर कर दिया है।
एसीबी गुरुग्राम की टीम ने मानेसर महिला थाने में तैनात मुख्य सिपाही कविता को गुरुवार रात 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया था। शिकायतकर्ता ने एसीबी को शिकायत दी थी कि उसकी पत्नी द्वारा महिला थाना मानेसर में उसके और उसके परिवार के सदस्यों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई गई है।
मामले की जांच कर रही हेड कांस्टेबल कविता ने शिकायतकर्ता के भाइयों बलराम और मुकेश के नाम मुकदमे से हटाने के बदले 50 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी।
एसीबी द्वारा कविता की गिरफ्तारी के बाद गुरुग्राम पुलिस आयुक्त ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल प्रभाव से महिला थाना मानेसर प्रभारी इंस्पेक्टर नेहा राठी को भी लाइन हाजिर कर दिया है। साथ ही उनके विरुद्ध विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।
पुलिस आयुक्त ने कहा कि भ्रष्टाचार अथवा किसी भी प्रकार की अनियमितता में संलिप्त पाए जाने वाले किसी भी कर्मचारी व अधिकारी के विरुद्ध सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी।


