सोमवती अमावस्या से पहले लाखों श्रद्धालु हरिद्वार पहुंचे, हाईवे पर लगा लंबा जाम

 सोमवती अमावस्या स्नान से दो दिन पहले वीकेंड पर हरिद्वार में श्रद्धालुओं और पर्यटकों का ऐसा हुजूम उमड़ा कि धर्मनगरी पैक हो गई। वाहनों की भीड़ के आगे हाईवे हांफता नजर आया। जाम से बचने के लिए दिल्ली, उत्तर प्रदेश और हरियाणा के हजारों यात्री अपने वाहन लेकर शहर में घुस आए।

इस कारण हाईवे और शहर संपर्क मार्गों पर भी यातायात व्यवस्था चरमरा गई। मध्य हरिद्वार से उत्तरी हरिद्वार तक स्थानीय लोग भी परेशान रहे। हरकी पैड़ी सहित यात्री बाहुल्य क्षेत्र में धर्मनगरी पूरी तरह श्रद्धालुओं से पैक रही। एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह सहित कई अधिकारी हाईवे और शहर की सड़कों पर यातायात सुचारू रखने के लिए पसीना बहाते दिखे।

लाखों श्रद्धालु हरिद्वार पहुंचे

चारधाम यात्रा सीजन के बीच सोमवती अमावस्या स्नान के लिए शनिवार सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु हरिद्वार पहुंचने शुरू हो गए थे। शाम तक दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश समेत विभिन्न राज्यों से लाखों श्रद्धालु हरिद्वार पहुंच गए। इसके चलते हरकी पैड़ी और आसपास के सभी घाट श्रद्धालुओं से खचाखच भर गए। हरकी पैड़ी के अलावा सुभाष घाट, कुशावर्त घाट, बिरला घाट, अलकनंदा आदि घाटों पर भी भारी भीड़ रही।

भीड़ का दबाव बढ़ने पर पुलिस और प्रशासन को लगातार व्यवस्था संभालनी पड़ी। हाईवे पर जाम से बचने के लिए बड़ी संख्या में यात्री सिंहद्वार, प्रेमनगर आश्रम और शंकराचार्य चौक से होकर हरिद्वार व कनखल पहुंच गए।

इससे मध्य हरिद्वार में ऋषिकुल तिराहे से लेकर देवपुरा, मायापुर, हिल बाइपास, भूपतवाल और कनखल में देशरक्षक, दादूबाग, पहाड़ी बाजार में भी जाम की समस्या बनी रही। बड़ी संख्या में विक्रम, आटो, ई-रिक्शा की भीड़ के बीच यात्रियों के वाहन पहुंचने से तुलसी चौक, शंकराचार्य चौक, निरंजनी अखाड़ा रोड़, शिवमूर्ति चौक, खड़खड़ी आदि हाईवे से सटे क्षेत्रों में स्थिति भयावह हो गई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने पूरी स्थिति का जायजा लेते हुए अधिकारियों को यातायात सुचारू रखने के निर्देश दिए। इसके बाद एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह, सीओ सिटी शिशुपाल नेगी, शहर कोतवाल कुंदन सिंह राणा और इंस्पेक्टर कनखल देवेंद्र रावत ने अलग-अलग जगहों पर मशक्कत कर यातायात सुचारू कराया। रविवार और सोमवार तक भीड़ की संख्या में इजाफा होना तय है।

घाट से मंदिरों तक श्रद्धालु ही श्रद्धालु

गंगा स्नान के दौरान हरकी पैड़ी के गंगा घाटों से लेकर प्रमुख मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। मनसा देवी, चंडी देवी और माया देवी मंदिर में दर्शन के लिए लंबी कतारें लगी रहीं। सुबह से लेकर दोपहर तक मंदिर परिसरों और रोपवे स्टेशनों पर श्रद्धालुओं की भीड़ बनी रही।

कई श्रद्धालुओं को दर्शन के लिए घंटों इंतजार करना पड़ा। भीड़ का दबाव बढ़ने पर एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह ने खुद मनसा देवी पैदल मार्ग पहुंचकर लाउड हेलर की मदद से श्रद्धालुओं को निर्देश दिए कि एक ही जगह भीड़ न लगाएं। अलग-अलग रास्तों से मंदिर आना-जाना करें।

नौ बजे तक फुल हो गईं पार्किंग

यातायात व्यवस्था पटरी से उतरने के पीछे पार्किंग की कमी भी बड़ा कारण रहा। अत्यधिक भीड़ के चलते अधिकांश पार्किंग सुबह नौ बजे ही भर गईं। हरकी पैड़ी क्षेत्र के निकट स्थित पंतद्वीप और रोड़ी बेलवाला पार्किंग में सबसे ज्यादा भीड़ रही।

पार्किंग क्षमता पूरी होने के बाद बड़ी संख्या में वाहन चालकों ने शहर के भीतर वैकल्पिक रास्तों का रुख किया। जाम से बचने के प्रयास में बाहरी राज्यों से आए वाहन शहर की आंतरिक सड़कों पर पहुंच गए, जिससे पहले से दबाव झेल रही यातायात व्यवस्था और अधिक प्रभावित हो गई।

भीड़ ने ली यातायात और पार्किंग व्यवस्थाओं की क्षमता की परीक्षा

शहर के बाजारों और प्रमुख चौराहों पर बाहरी राज्यों के वाहनों की भरमार रही। जाम के कारण स्थानीय लोगों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। दैनिक कार्यों के लिए निकलने वाले नागरिकों को गंतव्य तक पहुंचने में सामान्य दिनों की तुलना में अधिक समय लगा। कई दोपहिया वाहन चालक संकरी गलियों और वैकल्पिक मार्गों का सहारा लेते दिखाई दिए।

भीड़ और यातायात दबाव को नियंत्रित करने के लिए पुलिस और यातायात कर्मी विभिन्न चौराहों पर तैनात रहे। हालांकि शहर के अधिकांश हिस्सों में जाम की स्थिति बनी रही, लेकिन सर्वानंद घाट से आगे देहरादून की ओर आने-जाने वाला यातायात अपेक्षाकृत सामान्य रहा। कुल मिलाकर वीकेंड पर पूर्णिमा स्नान की भीड़ ने एक बार फिर धर्मनगरी की यातायात और पार्किंग व्यवस्थाओं की क्षमता की परीक्षा ली।

शहर से गुजरीं रोडवेज बसें

हाईवे पर भारी भीड़ चलते शनिवार को रोडवेज अड्डे पर आने और जाने वाली बसें शहर के बीच से होकर गुजरीं। यातायात प्लान के मुताबिक, भारी वाहनों का प्रवेश शुक्रवार रात शहर में रोक दिया गया। लेकिन संपर्क मार्गों से लोडर व मालवाहक वाहन भी मध्य हरिद्वार की सड़कों पर नजर आए। भीड़ का दबाव शहर की सड़कों पर साफ नजर आया। हरकी पैड़ी क्षेत्र में चौकी प्रभारी संजीत कंडारी ने लाउड हेलर हाथ में लेकर यातायात व्यवस्था सुचारू कराई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *