लखीमपुर खीरी में चलती कार में लगी आग, हाईवे पर मची अफरातफरी और कार हुई खाक

2.9kViews
1881 Shares

 ओयल क्षेत्र में सोमवार को लखीमपुर-सीतापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर चलती मारुति इग्निस कार अचानक आग का गोला बन गई। कार में आग देखकर चालक और मालिक कार से बाहर निकले और ‍उसके बाद कार में आग ने तेजी पकड़ ली।

कार को धूं-धूं जलते देख हाईवे पर अफरातफरी मच गई। पुलिस ने बताया कि मामले की जानकारी संबंधित विभागों को दे दी गई है और आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। समय रहते वाहन सवारों के बाहर निकल जाने से एक बड़ा हादसा टल गया।

ओयल में यह घटना सुनसी मोड़ के पास हुई। ईसानगर के ग्राम सरपतहा निवासी राजकुमार ने कुछ दिन पहले एक मारुति इग्निस कार (यूपी-34 एवी-3839) खरीदी थी। 2019 मॉडल इस कार को स्वामित्व हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी कराने के लिए वह चालक सुधाकर के साथ खैराबाद में आरटीओ कार्यालय गए थे।

आरटीओ कार्यालय से वापस लौटते समय सुनसी मोड़ के निकट कार से अचानक धुआं निकलने लगा। चालक और मालिक ने स्थिति भांपते हुए तुरंत कार सड़क किनारे रोक दी और बाहर निकल आए। कुछ ही क्षणों बाद वाहन में आग भड़क उठी और देखते ही देखते पूरी कार आग की लपटों में घिर गई।

हाईवे पर जलती कार को देखकर राहगीरों और आसपास के लोगों में अफरातफरी मच गई। सूचना मिलते ही ओयल पुलिस मौके पर पहुंची और एहतियात के तौर पर राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात को कुछ समय के लिए रोक दिया, ताकि कोई अन्य दुर्घटना न हो सके। दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार करीब एक घंटे तक जलती रही। बाद में फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक वाहन लगभग पूरी तरह जल चुका था। दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया और स्थिति को नियंत्रित किया।

प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन कार पूरी तरह नष्ट हो जाने से वाहन स्वामी को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *