हिमाचल प्रदेश में हमीरपुर जिले बड़सर विधानसभा क्षेत्र से पूर्व विधायक और भाजपा के वरिष्ठ नेता राम रतन शर्मा का रविवार सुबह करीब 90 वर्ष की आयु में निधन हो गया। पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे राम रतन शर्मा ने मैहरे स्थित अपने आवास पर अंतिम सांस ली। उनके निधन की सूचना मिलते ही बड़सर क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। अंतिम दर्शन और श्रद्धांजलि देने के लिए बड़ी संख्या में लोग उनके आवास पर पहुंचे।
राम रतन शर्मा तत्कालीन नदौनता विधानसभा क्षेत्र से दो बार विधायक रहे। उन्होंने वर्ष 1982 से 1985 और वर्ष 1990 से 1992 तक भाजपा के टिकट पर चुनाव जीतकर क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से लंबे समय तक जुड़े रहे शर्मा जनसंघ और भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं में गिने जाते थे। सरल और सहज व्यवहार के कारण उन्होंने क्षेत्र में अलग पहचान बनाई। विधायक बनने के बाद उन्होंने बड़सर को अपनी कर्मभूमि बना लिया।
श्रीराम जन्मभूमि मंदिर निर्माण आंदोलन से भी जुड़े रहे
राम रतन शर्मा श्रीराम जन्मभूमि मंदिर निर्माण आंदोलन से भी जुड़े रहे। अयोध्या आंदोलन में उन्होंने सक्रिय भूमिका निभाई। इसके अलावा वह पतंजलि योगपीठ से जुड़े रहे और योग के माध्यम से लोगों को स्वस्थ जीवन के प्रति जागरूक करते रहे।
विधायक ने दिया अर्थी को कंधा
राम रतन शर्मा के अंतिम संस्कार में भाजपा विधायक इंद्र दत्त लखनपाल, पूर्व विधायक मनजीत सिंह डोगरा, जिला परिषद उपाध्यक्ष गुरदीप सिंह, बड़सर भाजपा मंडल अध्यक्ष संजीव कुमार सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। विधायक इंद्र दत्त लखनपाल ने उनकी अर्थी को कंधा देकर अंतिम विदाई दी। पुलिस विभाग के कर्मचारी भी अंतिम संस्कार के दौरान मौजूद रहे। क्षेत्रवासियों ने राम रतन शर्मा के निधन को राजनीति, शिक्षा और सामाजिक क्षेत्र के लिए अपूर्णीय क्षति बताया।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

