बुलंदशहर-गढ़मुक्तेश्वर मार्ग पर बस में लगी आग, चालक-परिचालक ने कूदकर बचाई जान, दमकल गाड़ियों ने पाया आग पर काबू

बुलंदशहर-गढ़मुक्तेश्वर मार्ग पर उस समय अफरातफरी मच गई, जब एक दौड़ती निजी बस में अचानक आग लग गई। बस के चालक और परिचालक ने कूदकर जान बचाई। सूचना मिलते ही औरंगाबाद थाना पुलिस और दमकल गाड़ी मौके पर पहुंची। दमकल गाड़ी पानी बरसाकर आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि हादसे के समय बस में यात्री नहीं थे, वरना हादसा हो सकता था।

रविवार दोपहर लगभग साढ़े 12 बजे निजी बस यूपी-13 बीटी 5557 बुलंदशहर से गढ़मुक्तेश्वर जा रही थी। औरंगाबाद थाना क्षेत्र में इस्माइला गांव के पास बस में अचानक आग लगई। इंजन से धुआं उठना शुरू हुआ तो चालक ने तुरंत ब्रेक लगाए और बस से कूद गया। इसके साथ ही बस का परिचालक भी कूद गया। बस में आग लगते ही स्टेट हाईवे पर दोनों और वाहन रुक गए। वाहन रुकने के बाद कुछ लोगों ने अन्य वाहनों को यह कहकर रोका कि टायर या डीजल टैंक फटने पर जनहानि हो सकती है।राहगीरों ने डायल-112 को और थाना पुलिस को फोन किया। थाना पुलिस मौके पर पहुंची। लगभग 10 मिनट बाद दमकल गाड़ी भी पहुंच गई। दमकल गाड़ी ने पानी बरसाकर आग पर काबू पाया। घटना के बाद बस के चालक और परिचालक वहां से फरार हो गए। आग बुझने के बाद पुलिस ने यातायात सुचारू कराया। राहगीरों ने घटना का वीडियो बनाकर इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित कर दिया। इससे पहले भी जिले में चलते वाहनों में आग लगने की कई घटनाएं हो चुकी हैं। मुख्य अग्निन शमन अधिकारी प्रमोद शर्मा का कहना है कि गर्मी में आग की घटनाएं बढ़ रही हैं। इसलिए वाहनों का समय पर मेंटीनेंस कराएं और आग बुझाने वाले उपकरण भी गाड़ी में रखें। हो सके तो धूप में वाहन खड़ा करने से बचें। कार, बस या ट्रक में ढीली वायरिंग को सही कराएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *