जन्मदिन पर कार की बोनेट पर तलवार से काटा केक, साथियों संग सड़क पर गाड़ी से स्टंट भी की; दो युवक गिरफ्तार

5.6kViews
1971 Shares

 इंटरनेट मीडिया पर रील बनाने और लाइक-कमेंट पाने के चक्कर में खतरनाक स्टंट करना दो युवकों को महंगा पड़ गया। हथिगवां थाना क्षेत्र के पुरनेमऊ-बेंती मार्ग पर सड़क घेरकर स्टंटबाजी और कार की छत पर खड़े होकर रील बनाने के मामले में पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया। पुलिस की कार्रवाई के बाद इस तरह सड़क पर खतरनाक तरीके से वाहन चलाने वालों में हड़कंप मचा है।

बाग में एकत्रित होकर तलवार से काटा केक
27 अगस्त 2026 को महेवा मोहनपुर निवासी आकाश पासी पुत्र दिनेश पासी के जन्मदिन पर उसके भाई विकास पासी पुत्र दिनेश पासी समेत अन्य साथी पहले एक बाग में एकत्रित हुए। यहां कार की बोनट पर तलवार से केक काटकर जन्मदिन मनाया गया। इसके बाद सभी पुरनेमऊ-बेंती मार्ग पर पहुंचे। आरोप है कि वहां वाहनों से सड़क घेरकर स्टंटबाजी की गई।

कार-दो पहिया वाहनों से खतरनाक स्टंट किया

इस दौरान कार समेत कई दोपहिया वाहनों से खतरनाक तरीके से वाहन चलाए गए। सड़क पर वाहनों की मौजूदगी और स्टंटबाजी से राहगीरों के आवागमन पर भी असर पड़ा। इसी दौरान आकाश और विकास कार की छत पर खड़े होकर रील बनाते नजर आए।

वीडियो प्रसारित होने पर हरकत में आई पुलिस

स्टंटबाजी और रील का वीडियो इंटरनेट मीडिया के इंस्टाग्राम प्लेटफार्म पर प्रसारित होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया। पुलिस ने दोनों युवकों समेत कार के अज्ञात चालक और कई अज्ञात दोपहिया वाहन चालकों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया।

दो सगे भाई गिरफ्तार

पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देशन में कार्रवाई करते हुए प्रभारी निरीक्षक सत्येन्द्र सिंह की टीम ने आकाश पासी और विकास पासी, निवासीगण महेवा मोहनपुर, थाना हथिगवां को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने लोगों से रील और लाइक-कमेंट के लिए सड़क पर स्टंटबाजी या यातायात बाधित करने से बचने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *