संतकबीर नगर में 225 करोड़ से चमकेगा धनघटा, सड़कों और पुलों के जाल से बदलेगी क्षेत्र की तस्वीर

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने धनघटा विधानसभा क्षेत्र के विकास को नई गति देते हुए 225 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस धनराशि से क्षेत्र में सड़क, पुल, संपर्क मार्ग, इंटरलॉकिंग तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। सबसे अधिक धनराशि संपर्क मार्गों के निर्माण और चौड़ीकरण पर खर्च की जाएगी, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों की आवाजाही और यातायात व्यवस्था बेहतर होगी।

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान मठिया-अतरौलिया से भैसहिया तक संपर्क मार्ग निर्माण, बरपरवा से कौलही मार्ग, रामजानकी मार्ग से घोरांग रूस्तमपुर तक सड़क निर्माण, लोहरैया-औराडाड़ मार्ग से रामपुर संपर्क मार्ग तथा रामजानकी मार्ग से बेलौरी तक संपर्क मार्ग निर्माण जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं का शिलान्यास किया।

इसके अलावा तहसील परिसर में अधिवक्ताओं के लिए चैंबर निर्माण, कोड़री ग्राम पंचायत में इंटरलॉकिंग मार्ग निर्माण, बिडहरघाट मार्ग से खालेपुरवा होते हुए एमबीडी महाबांध मार्ग पर बॉक्स कल्वर्ट निर्माण, उमरिया-नेतवापुर मार्ग से शिव मंदिर तक इंटरलॉकिंग तथा नाथनगर क्षेत्र के विभिन्न गांवों में आधारभूत सुविधाओं के विकास कार्यों को भी स्वीकृति मिली।

क्षेत्रीय संपर्क व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से मुड़ियारी चौराहे के पास कुआनो नदी पर नानटून सेतु तथा तिघरा-करनपुर-गायघाट मार्ग पर लघु सेतु निर्माण की परियोजनाओं का भी शिलान्यास किया गया। वहीं डिहवा बाजार से घोरांग, परसहर, सेमरौना और सिरसी तक सड़क चौड़ीकरण कार्य को भी मंजूरी दी गई है।
मुख्यमंत्री ने कई पूर्ण हो चुकी परियोजनाओं का लोकार्पण भी किया।इनमें विश्वनाथपुर-महुली मार्ग चौड़ीकरण, रामजानकी मार्ग कटया से लहुरेगांव मार्ग निर्माण, अमौली महेसरपुर घाट-सिकटहा से महुली मार्ग, मुंडेरा राय से गनेशपुर मार्ग, खजूर टिकरा से खाजो मार्ग तथा राजकीय पौधशालाओं में कराए गए विकास कार्य शामिल हैं।

स्थानीय लोगों का मानना है कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से धनघटा विधानसभा क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और विकास की नई संभावनाएं खुलेंगी। क्षेत्रवासियों ने उम्मीद जताई कि परियोजनाएं तय समय में पूरी हुईं तो धनघटा की तस्वीर और तकदीर दोनों बदल जाएंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *