आखिरकर छलक पड़ा सूर्यकुमार यादव का दर्द, टी20 टीम से बाहर किए जाने पर पहली बार किया दुख बयां

1385 Shares

 सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारतीय क्रिकेट टीम ने टी20 में शानदार प्रदर्शन किया था। उनकी कप्तानी में भारत एक भी सीरीज नहीं हारा था। इसके अलावा एशिया कप और टी20 वर्ल्ड कप भी भारत ने जीता था। इसके बाद भी वह टीम से बाहर कर दिए गए। सूर्यकुमार ने अब इसे लेकर चुप्पी तोड़ी है।

अजीत अगरकर की अध्यक्षता वाली सीनियर सेलेक्शन कमेटी ने टी20 वर्ल्ड कप-2026 के बाद सूर्यकुमार यादव को टीम से बाहर कर दिया और लंबे समय से बाहर चल रहे श्रेयस अय्यर की कप्तान के तौर पर वापसी कराई। ये फैसला कमेटी ने भविष्य को देखते हुए लिया था। सूर्यकुमार की उम्र भी हो रही थी साथ ही उनका बल्ला भी काफी दिनों से शांत था।

हंसने लगे थे सूर्यकुमार

सूर्यकुमार ने माना कि जब उन्हें टीम से बाहर किया गया तो वह परेशान नहीं हुए थे क्योंकि उन्होंने अपने आप को सेलेक्टर्स की जगह रखकर सोचने की कोशिश की थी कि वह क्यों उनसे आगे बढ़ना चाहते हैं। सूर्यकुमार ने भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज आकाश चोपड़ा से बात करते हुए कहा, “जब मैंने अपना नाम वहां नहीं देखा तो मैं हंसा क्योंकि जब भी मैं दबाव की स्थिति में होता हूं, जब भी चीजें मेरे फेवर में नहीं जाती हैं तो मैं हमेशा हंसता हूं। मैं रिलेक्स रहता हूं। अतीत में जो मौके मिले उनका मैं शुक्रगुजार हूं।”

निराश थे सूर्यकुमार

सूर्यकुमार ने माना कि वह टीम में न चुने जाने से निराश थे क्योंकि उन्होंने अपनी कप्तानी में अच्छा काम किया था। उन्होंने कहा, “मैंने देखा था कि उन्होंने क्या टीम चुनी है। मैंने भी काफी सारी क्रिकेट खेली है। मैं श्रेयस के साथ खेला हूं और इसलिए जानता हूं कि वह अच्छा खिलाड़ी, अच्छा इंसान और अच्छा कप्तान है। मैं ये नहीं सोच रहा था कि उन्होंने उसे कप्तान क्यों बना दिया, लेकिन हां मैं निराश था क्योंकि दो साल में आप एक भी सीरीज नहीं हारे। आपने वर्ल्ड कप जीता, एशिया कप जीता। आप आगे भी यही चाहते हो तो और जब सब कुछ अच्छा चल रहा है तो फिर क्यों? बदलाव के पीछे क्या वजह थी? मेरे दिमाग में यही चल रहा था।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *