‘तेरे जैसे 50 घूमते हैं मेरे पीछे…’ पत्नी के इन 7 कड़वे शब्दों ने ले ली पति की जान, शादी के 25वें दिन ही मातम

तेरे जैसे 50 घूमते हैं मेरे पीछे… पत्नी के ये बोल पति को इस कदर नागवार गुजरे कि उसने आत्मघाती कदम उठा लिया। फंदे पर लटककर अपनी जान दे दी। इधर जिसने भी ये बात सुनी, बस दंग रह गया। गांव में तरह-तरह की चर्चाएं लोगों की जुबां पर रहीं लेकिन, स्वजन ने मामले में कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की। बगैर कार्रवाई किए शव का अंतिम संस्कार कर दिया।

यह घटना आदमपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में घटित हुई। गांव के रहने वाले बीस वर्षीय युवक की शादी 25 दिन पहले सैदनगली थाना क्षेत्र के एक गांव से हुई थी। बताया जा रहा है कि शादी के बाद से ही पति-पत्नी में कलह चल रही थी। बुधवार शाम को भी दोनों में कहासुनी हुई थी।

कहासुनी के बीच पत्नी ने ऐसे कड़वे बोल बोले जिन्हें पति सहन नहीं कर पाया। पत्नी ने कहा कि तेरे जैसे मेरे पीछे 50 घूमते हैं। इतना सुनकर पति गुमसुम हो गया और रात में किसी समय उठकर अपने कमरे में ही फंदे पर लटक कर दुनिया को अलविदा कह दिया।

गुरुवार तड़के कमरे में युवक का शव फंदे पर लटका देखकर परिवार के लोगों में चीख-पुकार मच गई। आनन-फानन में शव को फंदे से उतारा लेकिन, तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। स्वजन ने बताया कि कई दिन से विवाद चल रहा था।

पत्नी के कड़वे बोल उसको नागवार गुजरे। मृतक दो भाइयों में छोटा था। साप्ताहिक बाजारों में प्याज, लहसुन, धनिया बेचकर गुजर बसर कर रहा था। इधर युवक की मृत्यु की सूचना मिलने पर विवाहिता के मायके वाले आए और विवाहिता को अपने साथ ले गए।

उधर युवक के स्वजन ने भी पुलिस को सूचना दिए बगैर गमगीन माहौल में शव का अंतिम संस्कार कर दिया। इस संबंध में सीओ पंकज कुमार त्यागी ने बताया कि युवक की मृत्यु के संबंध में थाने पर कोई सूचना प्राप्त नहीं हुई है। जानकारी पर कार्रवाई की जाएगी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *