जमुई में 12 घंटे से लापता 7 साल की बच्ची का शव बरामद, दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका से सनसनी

5.8kViews
1282 Shares

 शहर के नीमारंग मोहल्ला स्थित एक अर्धनिर्मित मकान के परिसर में शनिवार की सुबह मो. इकबाल की 07 वर्षीय पुत्री सहाना खातून का शव संदिग्ध अवस्था में बरामद किया गया। बच्ची शुक्रवार की शाम से ही गायब थी बच्ची का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। लोग अलग- अलग चर्चाएं करने लगे। बच्ची के शव को देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी।

एफएसएल की टीम को भी बुलाने का निर्देश

घटना की जांच के लिए एफएसएल की टीम को भी बुलाने का निर्देश दिया गया है। पीड़ित पिता मोहम्मद इकबाल ने बताया कि शुक्रवार की शाम बच्ची घर के बगल में दुकान से कुछ सामान लाने गई थी, लेकिन काफी देर तक जब बच्ची घर वापस नहीं लौटी तो बच्ची की खोजबीन शुरू की गई। रात भर सभी परिवार इधर- उधर बच्ची को ढूंढते रहे लेकिन बच्ची का कुछ पता नहीं चल सका था।

शनिवार की सुबह जी पार्क ट्रेलर मोहम्मद सफीक के अर्धनिर्मित मकान परिसर में बच्ची का शव संदिग्ध अवस्था में पाया गया जिससे ऐसा प्रतीत होता है की बच्ची के साथ गलत हरकत कर उसकी हत्या कर दी गई है। उंसके गले पर भी निशान है।

गलत नीयत से अगवा करने का आरोप

उन्होंने बच्ची को गलत नीयत से ही अगवा करने का आरोप लगाया है। हालांकि आरोपित की फिलहाल पहचान नहीं हो पाई है और बच्ची की मौत की स्पष्ट पुष्टि भी नहीं हो पाई है।

पुलिस और एफएसएल की टीम के जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही बच्ची के साथ हुए गलत हरकत की जानकारी हो पाएगी। फिलहाल पुलिस इस संबंध में कुछ बता नहीं पा रही है, जांच के बाद ही मामले का खुलासा होने की बात कही गई है।

इस संबंध में एसपी विश्वजीत दयाल ने बताया कि निमारंग में संदिग्ध अवस्था में बच्ची का शव बरामद किया गया है। पुलिस घटना के हर पहलुओं पर बारीकी से जांच पड़ताल कर रही है। एफएसएल की टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है। अनुसंधान और पोस्टमार्टम के बाद ही घटना के कारण की सच्चाई का पता चल सकेगा। आरोपित किसी भी हाल में बख्शे नहीं जाएंगे, जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपितों की गिरफ्तारी होगी।

मामले को लेकर पीड़ित पिता व अन्य स्वजन ने बच्ची के साथ गलत कर हत्या करने का आरोप लगाया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल पर एसपी विश्वजीत दयाल स्वंय टाउन थानाअध्यक्ष अमरेंद्र कुमार समेत बड़ी संख्या में सुरक्षा कर्मियों के साथ पहुंचे और घटना की जांच पड़ताल शुरू कर दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *