टास्क के बहाने महिला को लाखों रुपये कमाने का लालच देकर 11 लाख रुपये की ठगी के मामले में साइबर क्राइम थाना पुलिस ने तीन आरोपितों को काबू कर लिया है।
साइबर क्राइम थाना के सहायक उप निरीक्षक रामफूल के अनुसार आरोपित तरुण कुमार, अनवर लाल उर्फ अनिल कुमार निवासी गांव बीजराड़ जिला बाड़मेर राजस्थान तथा विकास निवासी संत रविदास नगर थाना बदवारिया जिला जोधपुर राजस्थान को बाड़मेर क्षेत्र से काबू किया है।
तलाशी के दौरान तीनों आरोपितों से तीन मोबाइल बरामद किए गए हैं। जांच अधिकारी रामफूल ने बताया कि एक महिला ने शिकायत दी थी कि उसने इंस्टाग्राम पर वर्क फ्राम होम संबंधी एक विज्ञापन देखा।
विज्ञापन पर क्लिक करने के बाद उसके पास व्हाट्सएप पर संदेश आया तथा बाद में उसे एक टेलीग्राम ग्रुप में जोड़ दिया गया। ग्रुप में आरोपितों द्वारा टास्क पूरे कर अधिक मुनाफा कमाने का लालच दिया गया।
शुरुआत में टास्क पूरा करने पर कुछ रुपये दिए गए, जिससे शिकायतकर्ता को विश्वास हो गया। इसके बाद आरोपितों ने पेड टास्क के नाम पर अलग-अलग बैंक खातों में रुपये ट्रांसफर करवाने शुरू कर दिए।
शिकायतकर्ता के अनुसार उसने अपने बैंक खाते और अपने परिवार के बैंक खातों से विभिन्न तिथियों में लगभग 11 लाख रुपये आरोपितों के बताए हुए बैंक खातों में ट्रांसफर किए। बाद में आरोपितों ने संपर्क बंद कर दिया, जिसके बाद उसे अपने साथ साइबर ठगी होने का पता चला। इस शिकायत पर थाना साइबर क्राइम में 30 दिसंबर 2025 को मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने जांच कर आरोपितों का पता निकाला और उन्हें काबू कर लिया।


