दिल्ली से हिमाचल प्रदेश का हवाई सफर हुआ सस्ता, मात्र 3000 रुपये में मिल रहा टिकट
दिल्ली से हिमाचल प्रदेश का हवाई सफर सस्ता हो गया है। बरसात और मौसम बिगड़ने के कारण इन दिनों गगल स्थित कांगड़ा हवाई अड्डे से दिल्ली का हवाई किराया काफी कम हुआ है। इससे यात्रियों को बड़ी राहत मिली है। कुछ दिन पहले कांगड़ा हवाई अड्डे से दिल्ली जाने के लिए यात्रियों को 14 से 15 हजार रुपये किराया देना पड़ता था। एक समय ऐसा भी था जब दिल्ली से कांगड़ा हवाई अड्डे का किराया 30 हजार रुपये से अधिक था।
स्पाइसजेट की तुलना में इंडिगो का किराया कुछ अधिक है। यात्रियों के लिए राहत यह है कि पिछले महीनों की तुलना में दोनों एयरलाइंस के किराये में काफी कमी है।
तीन कंपनियां दे रही नियमित सेवाएं
कांगड़ा हवाई अड्डे पर स्पाइसजेट व इंडिगो के विमान नियमित सेवाएं दे रहे हैं। एलायंस एयर का एक विमान शिमला से कांगड़ा एयरपोर्ट तक सेवाएं दे रहा है। यह उड़ान सप्ताह में तीन दिन होती है। आने वाले दिनों में मौसम में सुधार हुआ और पर्यटन सीजन में यात्रियों की संख्या बढ़ती है तो किराये में फिर बढ़ोतरी हो सकती है।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

