ईद-उल-अजहा (बकरीद) के मौके पर कुर्बानी को लेकर कई राज्यों में सख्ती बरती जा रही है। दिल्ली, मुंबई से लेकर यूपी में कुर्बानी को लेकर गाइडलाइन बनाई जा रही है।
खासकर हाउसिंग सोसाइटी और अपार्टमेंट कॉम्प्लेक्स में विवाद बढ़ने के बाद नगर निगम, आरडब्ल्यूए (RWA) और हाईकोर्ट के नियमों पर ध्यान दिया जा रहा है।
मुंबई की मीरा भायंदर और घाटकोपर में हिंदू-मुस्लिम पक्ष आमने-सामने आने के बाद प्रशासन ने गाइडलाइंस जारी की हैं।
फ्लैट के अंदर कुर्बानी पर पूरी रोक
बॉम्बे हाईकोर्ट समेत देश की अलग-अलग अदालती आदेशों के अनुसार, किसी भी आवासीय फ्लैट या बिल्डिंग के अंदर पशु की कुर्बानी देना पूरी तरह बैन है। घनी आबादी वाले इलाकों में बुजुर्गों, बच्चों की सेहत, सफाई और निकासी की दिक्कतों को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है।
- फ्लैट या व्यक्तिगत आवास में कुर्बानी की कोई इजाजत नहीं
- खुले में भी बिना अनुमति कुर्बानी पर रोक
- गाय, बछड़े, ऊंट जैसी प्रतिबंधित जानवरों की कुर्बानी पर सख्ती से मनाही
सोसायटी के कॉमन एरिया में कुर्बानी की शर्ते
अगर सोसाइटी कॉमन एरिया में सामूहिक कुर्बानी का आयोजन करना चाहती है तो आरडब्ल्यूए को नगर निगम से एनओसी लेनी होगी। सोसाइटी से 1 किलोमीटर के दायरे में पहले से कम्युनिटी बूचड़खाना या कुर्बानी स्थल हो तो अनुमति नहीं मिलेगी।
किसी अन्य धर्म के पूजा स्थल या मुख्य रास्ते के सामने कुर्बानी नहीं होनी चाहिए। अस्थायी शेड (बाड़ा) बनाने पर भी RWA के नियम लागू होते हैं। कई सोसायटियों ने परिसर में पशु लाने पर रोक लगा रखी है।
वेस्ट मैनेजमेंट के नियम
कुर्बानी के बाद पशु के खून को नालों या सीवर में बहाना और अवशेषों को सड़क या डस्टबिन में फेंकना पूरी तरह बैन है। आरडब्ल्यूए को कवर्ड तरीके से निर्धारित डंपिंग साइट पर वेस्ट पहुंचाना होगा।
यूपी, दिल्ली और महाराष्ट्र में तैयारी
उत्तर प्रदेश के कई शहरों में पुलिस ने फ्लैग मार्च निकाला जा रहा है। प्रयागराज, वाराणसी, लखनऊ समेत कई इलाकों में निगरानी बढ़ाई गई है। दिल्ली में भी अजमेरी गेट से जामा मस्जिद तक फ्लैग मार्च किया जा रहा है। प्रशासन ने तय स्थानों पर ही कुर्बानी की अपील की है।
मुंबई में बवाल के बाद नियम और सख्त
मुंबई के मीरा रोड पर सोमवार और मंगलवार को उस वक्त तनाव बढ़ गया था जब पूनम क्लस्टर हाउसिंग सोसाइटी के सदस्यों ने बकरीद से पहले सोसाइटी के परिसर में बकरियां रखे जाने पर आपत्ति जताई।
सोमवार शाम को बहस के वीडियो वायरल हो गए और रिपोर्टों के अनुसार, बहस के दौरान एक व्यक्ति घायल हो गया।
मंगलवार दोपहर तक मामला इतना बढ़ गया कि मीरा-भायंदर नगर निगम (MBMC) द्वारा सोसाइटी के परिसर से तीन पिकअप ट्रकों में लगभग 40-50 बकरियों को ले जाया गया।


