संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की ओर से रविवार को आयोजित यूपीएससी सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा-2026 कड़ी सुरक्षा-व्यवस्था के बीच हो रही है। सुबह की पाली में हुई परीक्षा में कई चर्चित मुद्दों पर सवाल पूछे गए गए। इनमें ईरान व अमेरिका के बीच हाल में हुए युद्ध से संबंधित सवाल भी शामिल रहे। पूछा गया कि किन देशों से आने वाले जहाजों को हिंद महासागर तक पहुंचने के लिए होर्मुज जलडमरूमध्य को पार करना होता है?
यूपीएससी सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा-2026 मेरठ में पहली बार हो रही है। परीक्षा के लिए कुल 14 केंद्र बनाए गए हैं। इन पर 5,902 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। पहली पाली की परीक्षा सुबह 9:30 से 11:30 तक संपन्न हुई, जबकि द्वितीय पाली का समय दोपहर 2.30 बजे से लेकर शाम 4:30 बजे तक निर्धारित किया गया है। पहली पाली में सामान्य अध्ययन विषय की परीक्षा हुई।
पहली परीक्षा में आए कुल 100 सवाल
परीक्षा में हल करने के लिए कुल सौ सवाल आए, इनमें कई सवाल हाल ही में घटित घटनाओं और मुद्दों को लेकर भी रहे। इनमें एक सवाल था कि किन देशों से आने वाले जहाजों को हिंद महासागर तक पहुंचने के लिए होर्मुज जलडमरूमध्य को पार करना होता है…। उत्तर के रूप में बहरीन, सीरिया, कतर व मिश्र का नाम दिया गया था।
दूसरा सवाल नई दिल्ली में आयोजित एआई प्रभाव शिखर सम्मेलन 2026 के बारे में पूछा गया। इसके अलावा बाघ गुफाओं में विद्यमान हल्लिसालस्य चित्र क्या प्रदर्शित करते हैं। इसी तरह के कई और सवाल पूछे गए थे। प्रत्येक सवाल के चार विकल्प दिए गए थे। इनमें से अभ्यर्थियों को एक चुनना था। गलत उत्तर देने पर एक तिहाई अंकों की कटौती का भी प्रावधान किया गया है।
पीएमश्री राजकीय इंटर कालेज मेरठ से सुबह की पाली में परीक्षा देकर निकले अभ्यर्थियों का कहना था कि पेपर का स्तर अबकी बार कठिन था। परीक्षा में पूछे जाने वाले भूगोल विषय के सवालों की संख्या इस बार कम दिखाई दी। उनका यह भी कहना था कि निगेटिव मार्किंग के कारण भी कुछ सवाल छोड़ने पड़े।


