CM खेल विकास योजना : 20 मई से भागलपुर में बालिकाओं के लिए नई बैडमिंटन ट्रेनिंग सेंटर, मिलेगा मुफ्त आवास व प्रशिक्षण

खेल विभाग, राज्य खेल प्राधिकरण और जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में मुख्यमंत्री खेल विकास योजना के अंतर्गत जिले में एकलव्य प्रशिक्षण केंद्रों का विस्तार किया जा रहा है। इसी कड़ी में अब शहर के सैंडिस कंपाउंड स्थित इंडोर हॉल में बालिका वर्ग के खिलाड़ियों के लिए बैडमिंटन प्रशिक्षण केंद्र शुरू करने की तैयारी तेज कर दी गई है।

अधिकारियों के अनुसार संभावना है कि आगामी 20 मई से केंद्र का संचालन शुरू किया जा सकता है। इस केंद्र में 30 बालिका खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देने की व्यवस्था की जाएगी। प्रशिक्षकों की देखरेख में खिलाड़ियों को बैडमिंटन की आधुनिक तकनीक और बारीकियों का प्रशिक्षण दिया जाएगा।

चयनित खिलाड़ियों को मिलेगा बेहतर खेल माहौल

खेल विभाग की ओर से केंद्र की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है, ताकि चयनित खिलाड़ियों को बेहतर खेल माहौल उपलब्ध कराया जा सके। मुख्यमंत्री खेल विकास योजना का उद्देश्य प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की खोज कर उन्हें उन्नत संसाधन और प्रशिक्षण देना है।

भागलपुर में पहले से साहू परबत्ता स्थित विद्यालय में तीरंदाजी के लिए एकलव्य प्रशिक्षण केंद्र संचालित हो रहा है, जहां खिलाड़ी प्रशिक्षण ले रहे हैं। अब बैडमिंटन खेल को बढ़ावा देने के उद्देश्य से दूसरा केंद्र सैंडिस कंपाउंड के इंडोर हॉल में शुरू किया जा रहा है।

निःशुल्क आवास और प्रशिक्षण सुविधाएं

इस प्रशिक्षण केंद्र की खासियत यह होगी कि चयनित खिलाड़ियों को निःशुल्क आवास, पौष्टिक भोजन, शिक्षा, आधुनिक खेल सामग्री और प्रशिक्षण सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। खिलाड़ियों को रहने और खाने की व्यवस्था के साथ-साथ खेल से संबंधित आवश्यक किट और संसाधन भी सरकार की ओर से दिए जाएंगे। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आर्थिक अभाव किसी प्रतिभा की राह में बाधा न बने।

बालिका खिलाड़ियों को मिलेगा बड़ा मंच

भागलपुर में बैडमिंटन प्रतिभाओं की कमी नहीं है, लेकिन संसाधन और नियमित प्रशिक्षण के अभाव में कई खिलाड़ी आगे नहीं बढ़ पाते। ऐसे में एकलव्य प्रशिक्षण केंद्र शुरू होने से बालिका खिलाड़ियों को राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने का मौका मिलेगा।

अधिकारियों का कहना है कि यह कदम भागलपुर के खेल विकास और प्रतिभा पहचान के लिए महत्वपूर्ण साबित होगा। बच्चों और उनके अभिभावकों का उत्साह भी इस नई पहल को लेकर बढ़ा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *