‘धोखेबाज नेताजी…’ से ‘ए राजा जी…’ तक, पटना के गर्दनीबाग में छात्रों के विरोध का नया अंदाज

2.4kViews
1167 Shares

राजधानी पटना के गर्दनीबाग में छात्रों के विरोध प्रदर्शन के अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं। कभी छात्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हैं तो कभी गीत-संगीत के जरिए अपनी नाराजगी जाहिर करते हैं।

अब छात्रों के इसी अनोखे प्रदर्शन के वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बने हुए हैं। गर्दनीबाग में चल रहे प्रदर्शन में नेताओं के पहुंचने का सिलसिला भी जारी है।

नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव भी प्रदर्शन स्थल पर पहुंचकर छात्रों की मांगों का समर्थन कर चुके हैं। वहीं, छात्र अब गीतों और कीर्तन के माध्यम से भी अपनी मांगों और सरकार के प्रति नाराजगी को सामने रख रहे हैं।

गीतों के जरिए सरकार पर तंज

प्रदर्शन के दौरान छात्र कभी भोजपुरी गीत तो कभी लोकप्रिय गीतों की पंक्तियों को अपने अंदाज में पेश कर सरकार पर तंज कस रहे हैं।

‘पंचायत’ वेब सीरीज के ‘ए राजा जी, एकरे तक रहल ह जरूरत’ से लेकर ‘क्षणे-क्षणे बदले तोहरो मिजाज नेताजी, धोखेबाज नेताजी…’ जैसी पंक्तियां प्रदर्शन स्थल पर सुनाई दे रही हैं।

इसमें युवक-युवतियों की भी भागीदारी नजर आ रही है। संगीत शिक्षक डफली बजाकर गीतों के जरिए सरकार को अपनी मांगों की याद दिला रहे हैं।

इसके अलावा ‘तुम तो धोखेबाज हो, वादा करके भूल जाते हो’ जैसे गीत भी प्रदर्शन के दौरान सुनाई दे रहे हैं। छात्र इन गीतों की पंक्तियों में अपनी मांगों को जोड़कर सरकार पर कटाक्ष कर रहे हैं।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो

छात्रों का कहना है कि वे अपनी मांगों को लेकर लगातार आवाज उठा रहे हैं और सरकार से जल्द समाधान की उम्मीद है। उनका कहना है कि शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात सरकार तक पहुंचाने के लिए वे अलग-अलग तरीकों का सहारा ले रहे हैं।

गर्दनीबाग में गीत-संगीत के जरिए छात्रों के इस अनोखे प्रदर्शन ने लोगों का ध्यान खींचा है। प्रदर्शन के दौरान बनाए गए वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *