फर्जी इंस्टाग्राम आईडी से युवती के अश्लील फोटो-वीडियो किए वायरल, भाई बोला- सदमे में बहन

हापुड़ क्षेत्र के गांव मोहल्ले की एक युवती के नाम से इंटरनेट मीडिया पर फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर अज्ञात आरोपित ने उसकी अश्लील फोटो और वीडियो प्रसारित कर दी। जिससे युवती और उसके स्वजन बेहद आहत हुए हैं।

पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात आरोपित के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस में दर्ज रिपोर्ट में नगर के एक मोहल्ले के युवक ने बताया कि कुछ अज्ञात आरोपितों ने उसकी बहन के नाम से इंस्टाग्राम पर कई फर्जी आईडी बनाई हैं।

आरोप है कि उक्त फर्जी आईडी के माध्यम से बहन के निजी फोटो अपलोड कर अश्लील सामग्री प्रसारित की जा रही है। इतना ही नहीं, आरोपित द्वारा टेलीग्राम पर भी मोबाइल नंबर के जरिए चैटिंग कर बहन को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है।

‘बहन के नाम से भेज रहे अश्लील कमेंट’

इतना ही नहीं आरोपित द्वारा बहन के नाम से अश्लील कमेंट, फोटो और पोर्नोग्राफिक वीडियो उसके आसपास रहने वाले लोगों को भेजे जा रहे हैं। जिससे उसकी बहन और स्वजन बेहद डरे और सहमे हुए हैं।

लगातार हो रही इस हरकत से बहन का मानसिक संतुलन भी बिगड़ गया है, वह सदमे में है। उसने पुलिस से शिकायत करते हुए अश्लील फोटो और वीडियो संबंधी स्क्रीनशाट व अन्य साक्ष्य भी उपलब्ध कराए हैं।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनीष चौहान ने बताया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने अज्ञात आरोपित के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। साइबर सेल की मदद से फर्जी आईडी संचालित करने वाले आरोपित की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *