‘छोटा-मोटा, काली शर्ट वाला,’ बेंगलुरु के कैफे ने की कस्टमर की बॉडी-शेमिंग; विवाद बढ़ने पर मांगनी पड़ी माफी
बेंगलुरु के लोकप्रिय सबको (Subko) कैफे में एक ग्राहक के बिल पर शारीरिक बनावट और कपड़ों के आधार पर बिल जनरेट करने पर विवाद खड़ा हो गया है।
बिल पर ग्राहक के नाम या टेबल नंबर की जगह उसे लिटिल फैट ब्लैक शर्ट लिखकर संबोधित किया गया। सोशल मीडिया पर रसीद वायरल होने के बाद कैफे ने सार्वजनिक रूप से माफी मांगते हुए बॉडी-शैमिंग की निंदा की है।
कैफे ने मांगी सार्वजनिक माफी
मामले के तूल पकड़ने पर सबको कैफे ने एक आधिकारिक बयान जारी कर अपनी गलती स्वीकार की। कैफे ने कहा कि कुछ चीजों को चुपचाप ठीक किया जाता है, जबकि कुछ को सबके सामने, क्योंकि चुप रहना उस संस्कृति को जीवित रखता है जिसने इसे बढ़ावा दिया। जिस अतिथि के साथ यह हुआ, हम उनसे माफी मांगते हैं।
कैफे ने स्वीकार किया कि सार्वजनिक रूप से बात करने से उन पर सवाल उठेंगे, लेकिन अपने कर्मचारी की स्पष्ट गलती पर पर्दा डालने के बजाय जवाबदेही तय करना अधिक महत्वपूर्ण है।
कैफे ने बताया कि उनकी आंतरिक शिकायत समिति इस मामले की समीक्षा कर रही है। उन्होंने पीड़ित ग्राहक से बायो में दिए गए फॉर्म के माध्यम से अपनी शिकायत दर्ज कराने का अनुरोध किया है ताकि उचित कार्रवाई की जा सके। इसके साथ ही कैफे प्रबंधन ने किसी भी प्रकार की बॉडी-शैमिंग की कड़े शब्दों में निंदा की है।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

