ग्रेटर नोएडा के सेक्टर बीटा दो में गंदे और बदबूदार पानी सप्लाई, लोगों में बढ़ रहा आक्रोश

2.3kViews
1592 Shares

 ग्रेटर नोएडा में सेक्टर बीटा दो में गंदे और बदबूदार पानी की सप्लाई आने से निवासी परेशान हो रहे हैं।

निवासियों का आरोप है कि ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के संबंधित विभाग से शिकायत किए जाने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। इससे लोग गंदा और बदबूदार पानी ही पीने समेत अन्य कामों में उपयोग करने को मजबूर हो रहे हैं।

सेक्टर के आई ब्लाक निवासी सत्येंद्र नेगी ने बताया कि उनके ब्लाक में कई दिनों से गंदा और बदबूदार पानी आने की समस्या बनी हुई है और पानी का प्रेशर काफी कम है। लगातार शिकायतों के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो रहा है।

आई ब्लाक निवासी शिवम, ललित जोशी, अरुण, राजेश, विशाल ने बताया कि पिछले कई दिनों से सेक्टर में गंदा और बदबूदार पानी की समस्या बनी हुई है। इसके सेवन से कई गंभीर बीमारियां फैलने का खतरा बढ़ रहा है।

एक मंजिल तक भी पानी नहीं पहुंच पाता

उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसा पानी पीना तो दूर, अन्य घरेलू उपयोग के योग्य भी नहीं है। साथ ही कई दिनों से पानी की सप्लाई कम समय के लिए दी जा रही है और उस दौरान भी पानी का प्रेशर इतना कम रहता है कि एक मंजिल तक भी पानी नहीं पहुंच पाता। स्थिति तब और गंभीर हो जाती है जब सप्लाई के दौरान गंदा और दुर्गंधयुक्त पानी आने लगता है।

लोगों का आरोप है कि गुरुवार दोपहर में हुई पानी की सप्लाई ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी। लोगों ने कहा कि समस्या के संबंध में कई बार ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों से शिकायत की जा चुकी है। हर बार अधिकारियों द्वारा यह कहा जाता है कि पानी की सप्लाई लाइन टूट गई थी, जिसके कारण गंदा पानी आ रहा था और प्रेशर कम हो गया था।

पानी की समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया

अधिकारियों का दावा रहता है कि लाइन को ठीक कर दिया गया है और जल्द ही सप्लाई सामान्य हो जाएगी, लेकिन सेक्टरवासियों के अनुसार समस्या एक-दो दिन के भीतर फिर से शुरू हो जाती है। सेक्टरवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही पानी की समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया, तो उन्हें प्राधिकरण कार्यालय का घेराव करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।

सेक्टर वासियों ने मांग की है कि प्राधिकरण तत्काल जलापूर्ति लाइनों की तकनीकी जांच कराए, दूषित पानी की गुणवत्ता की लैब जांच कराए। सेक्टर में नियमित और साफ पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करे।

लोगों का कहना है कि पेयजल जैसी बुनियादी सुविधा में लगातार लापरवाही किसी बड़े स्वास्थ्य संकट को जन्म दे सकती है। यदि प्राधिकरण पीने के पानी की समस्या का स्थायी समाधान नहीं कर पाता है तो उन्हें इसकी शिकायत जिला प्रशासन से करेंगे।

वहीं, ग्रेनो प्राधिकरण के जल एवं सीवर विभाग के वरिष्ठ प्रबंधक विनोद शर्मा ने बताया कि सेक्टर के जिन ब्लाक से शिकायत आई है, वहां पर जांच कराई जा रही है। कुछ स्थान पर लाइन लीकेज होने के कारण समस्या हुई है। जल्द समस्या का समाधान किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *