विवेक विहार: महिला से मोबाइल छीनकर भाग रहे बदमाश को जनता ने दबोचा, एयरगन और चाकू बरामद

विवेक विहार इलाके में स्कूटी सवार दो बदमाशों ने एक महिला से मोबाइल झपट लिया।

वारदात को अंजाम देकर बदमाश भागने लगे। महिला के शोर मचाने पर राहगीरों ने बदमाशों को घेर लिया। स्कूटी पर पीछे बैठा बदमाश भाग गया। जबकि स्कूटी चला रहे बदमाश को पुलिस को सौंप दिया।

बदमाश के पास से महिला का मोबाइल, वारदात में इस्तेमाल स्कूटी, एक एयरगन और चाकू बरामद किया गया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी पहले भी चोरी और झपटमारी के छह मामलों में शामिल रह चुका है।

पुलिस ने बताया कि 19 मई की रात करीब 8:50 बजे चेतना मदान नामक महिला गुरुद्वारा सी-ब्लॉक, विवेक विहार से माथा टेककर पैदल घर लौट रही थीं।

भाई से बात कर रही थी जब मोबाइल की हुई झपटमारी

इसी दौरान वह अपने भाई से मोबाइल पर बात कर रही थीं। तभी पीछे से स्कूटी पर आए दो बदमाशों ने उनका मोबाइल झपट लिया और फरार होने लगे।

महिला ने तुरंत शोर मचाते हुए बदमाशों का पीछा किया। आसपास मौजूद लोगों ने भी मोटरसाइकिलों से आरोपियों का पीछा शुरू कर दिया।

पीछा करते समय एक बाइक सवार ने बदमाशों की स्कूटी को रोक लिया, जिससे पीछे बैठा आरोपी मौके से फरार हो गया, जबकि स्कूटी चला रहा बदमाश लोगों के हत्थे चढ़ गया।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बदमाश को हिरासत में ले लिया। दूसरे बदमाश की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *