प्रो. बिहारी लाल शर्मा ने दूसरे कार्यकाल के लिए संपूर्णानंद संस्‍कृत वि‍व‍ि के कुलपति पद का कार्यभार ग्रहण किया

3.5kViews
1820 Shares

 सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय, वाराणसी के कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा ने शनिवार को कुलपति कार्यालय में दूसरे कार्यकाल के लिए पुनः कुलपति पद का कार्यभार पारंपरिक वैदिक मंत्रोच्चार के बीच ग्रहण किया। कार्यभार ग्रहण करते हुए उन्होंने विश्वविद्यालय की गौरवशाली परंपरा को नई ऊंचाइयों तक ले जाने तथा भारतीय ज्ञान परंपरा को आधुनिक वैश्विक परिप्रेक्ष्य में प्रतिष्ठित करने का संकल्प व्यक्त किया।

कुलपति प्रो. शर्मा ने कहा कि प्राच्य विद्या के इस प्राचीन केन्द्र के कुलपति के रूप में पुनः दायित्व मिलना उनके लिए सम्मान के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। महामहिम कुलाधिपति एवं राज्यपाल आनंदीबेन पटेल द्वारा उन पर पुनः व्यक्त किए गए विश्वास को वे विश्वविद्यालय परिवार के सामूहिक उत्तरदायित्व और विकास के संकल्प के रूप में स्वीकार करते हैं। उन्होंने कहा कि इस विश्वास को सार्थक करने के लिए कठोर अनुशासन, पारदर्शिता, समर्पण और निरन्तर कर्मशीलता के साथ कार्य किया जाएगा।235 वर्षों की गौरवशाली परम्परा को वैश्विक पहचान दिलाने का लक्ष्य
प्रो. शर्मा ने कहा कि काशी स्थित यह विश्वविद्यालय 235 वर्षों से देवभाषा संस्कृत और भारतीय ज्ञान परंपरा की अविरल धारा को आगे बढ़ा रहा है। यह केवल एक शिक्षण संस्था नहीं, बल्कि भारत की प्राच्य ज्ञान-संपदा का महत्वपूर्ण केन्द्र है। उनके दूसरे कार्यकाल में इस विरासत को संरक्षित करने के साथ-साथ संस्कृत एवं भारतीय ज्ञान परंपरा को आधुनिक अकादमिक आवश्यकताओं से जोड़ते हुए वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाने का प्रयास किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *