प्रयागराज में आवागमन होगा सुगम, बनेगी 883 नई सड़कें; चमचमाते मार्गों पर रफ्तार भर सकेंगे वाहन सवार

आवागमन सुगम बनाने के लिए लोक निर्माण विभाग यानी पीडब्ल्यूडी शहर से लेकर गांव तक सड़कों और पुलों का जाल बिछाएगा। इसकी कार्ययोजना बन चुकी है। पीडब्ल्यूडी के सभी खंडों की ओर से चालू वित्तीय वर्ष के लिए समस्त विधानसभा क्षेत्रों में 883 नई सड़क बनाने का प्रस्ताव तैयार किया गया है।

नई सड़कों की कुल दूरी 1364.96 किलोमीटर रहेगी। इसके लिए 1066 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि खर्च की जाएगी। वर्षों पहले बनाई गई 30 सड़कों का चौड़ीकरण और सुदृढीकरण भी करने की योजना बनाई गई है, जिसकी कुल दूरी 387 किलोमीटर से अधिक है।

चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण पर 1329 करोड़ रुपये से अधिक का बजट प्रस्तावित है। इसके अलावा नदी,नालों और नहरों पर छोटी बड़ी 128 पुलिया का निर्माण किया जाएगा। इसकी लागत 4500 करोड़ रुपये के आसपास होगी। इसमें कई पुलिया पहले से बनी हैं जो जर्जर हो चुकी हैं और कई स्थानों पर नई पुलिया का निर्माण किया जाएगा। इसी महीने इन सभी प्रस्तावों को मुख्यमंंत्री के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। उसके बाद टेंडर प्रक्रिया पूरी करके निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।

शहर में आवागमन सुगम बनाने के लिए सभी विधानसभाओं में नई सड़क और नए पुलों को बनाने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। इस कार्य योजना को मुख्यमंत्री के समक्ष जल्द ही प्रस्तुत किया जाएगा। उनकी मंजूरी के बाद तेजी से कार्य कराया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *