प्रधानमंत्री के गोद लिए गांव डोमरी में 48 घंटे से बिजली गायब, ग्रामीणों में आक्रोश

भीषण गर्मी के बीच जिले के कई इलाकों में बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के गोद लिए गांव डोमरी में तो हालात इतने खराब हो गए कि 48 घंटे बीत जाने के बाद भी बिजली नहीं आई। 1500 से अधिक आबादी वाले इस गांव में लोग पेयजल संकट से जूझ रहे हैं, जबकि बिजली विभाग के अधिकारी और कर्मचारी फोन तक नहीं उठा रहे हैं।

रामनगर स्थित डोमरी गांव में सोमवार सुबह 10 बजे बंधा रोड का ट्रांसफार्मर अचानक जल गया। इसके बाद दो बार रिपेयर का प्रयास किया गया, लेकिन दोनों बार असफल रहा। रवि मिश्रा ने बताया कि 250 घरों की आबादी बिना बिजली और बिना पानी के जीवन यापन करने को मजबूर है। कुछ घरों में जनरेटर चलाए जा रहे हैं।

बुधवार शाम ट्रांसफार्मर के पास ग्रामीणों ने धरना देकर विरोध जताया। इसमें सुरेश सिंह, पवन तिवारी, सुनील दुबे, सोनी मिश्रा, सोनम पाण्डेय, कंचन सिंह, लक्ष्मी साहनी, ममता जायसवाल, धर्मशीला देवी, रिंकू पाण्डेय, शालू और रेखा समेत सैकड़ों ग्रामीण शामिल रहे।

सारनाथ क्षेत्र में 400 केवीए ट्रांसफार्मर में स्पार्किंग

सारनाथ के बुद्धा नगर कालोनी में बुधवार सुबह पांच बजे 400 केवीए ट्रांसफार्मर में स्पार्किंग हुई। धुंआ निकलने के साथ बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई। हृदय नारायण राय और लल्लन उपाध्याय ने बताया कि बिजली कर्मियों ने सुबह नौ बजे ट्रांसफार्मर ठीक किया। इसी तरह बुद्धा सिटी कालोनी के गेट पर लगा ट्रांसफार्मर का डीओ (ड्राप आउट) रात 11 बजे खराब हो गया।

इसके बाद उपभोक्ता प्रीतम और मनोज ने भी इसकी शिकायत की। सारनाथ के तड़िया चकविही में तीन घंटे तड़िया चकविही, गणपत नगर कालोनी,अमन पूरी कालोनी, अवध पूरी कालोनी, तुलसी नगर कालोनी सहित आसपास इलाकों के लगभग 1200 उपभोक्ताओं की बिजली आपूर्ति बाधित रही। उपखंड अधिकारी आनंद सिंह ने मरम्मत के बाद 3.30 बजे बिजली आपूर्ति बहाल कराई।

चार बार ट्रिप से गर्मी ने बढ़ाई मुश्किल
शक्तिपीठ उपकेंद्र से जुड़ा फरीदपुर फीडर पूरे दिन चार बार ट्रिप कर गया। कोईलहवां विद्युत उपकेंद्र के कादीपुर फीडर और मेहता नगर कालोनी फीडर से जुड़े इलाकों में सुबह पांच बजे से रात आठ बजे तक चार-पांच बार 20-30 मिनट की कटौती हुई। लालजी कुआं, पंचकोशी मार्ग, नेपाली बाग और खुशहाल नगर सेक्टर ए में भी एक फेज बिजली बार-बार बाधित रही।

बड़ागांव बाजार में तो स्थिति और भी खराब है। कूडी फीडर पिछले एक सप्ताह से एक फेज डाउन हो जाती है। व्यापारी दिलीप सेठ, विजय यादव, शुभम गुप्ता और संजय मुनीब ने आक्रोश व्यक्त किया। एसडीओ बड़ागांव अखिलेश गुप्ता ने बताया कि मीटिंग में हूं, बाद में फोन करूंगा।

इन इलाके में भी लोग रहे परेशान
अमरा खैरा के शिव विहार कालोनी के पास लगे ट्रांसफार्मर मंगवार रात एक से बिजली नहीं है। पांडेयपुर उपकेंद्र के पार्वती नगर फीडर से जुड़े शिवनगर कालोनी में ठीक दिन में कई बार कटौती के बाद बुधवार रात आठ से बिजली कटौती जारी है।

चौरछठवां क्षेत्र में दिन में करीब सात-आठ बार में तीन घंटे, तहसील क्षेत्र के सिकरौल मोहल्ले में छह से सात बार में तीन घंटे, कर्दमेश्वरपुरम कालोनी कंदवा में बुधवार आधी रात से बिजली नहीं आई है। सिद्धगिरिबाग, बिरदोपुर, टकटकपुर क्षेत्र समेत जिलेभर में हर आधे घंटे में ट्रिपलिंग की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *