बेंगलुरु में बदहाल सड़क बनी जानलेवा, ब्रेक लगाते ही बाइक से गिरी महिला को मिनी ट्रक ने कुचला

7.5kViews
1176 Shares

बेंगलुरु में इलेक्ट्रॉनिक्स सिटी के पास अनंतनगर मेन रोड पर बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जहां खराब सड़क के कारण ब्रेक लगने से दोपहिया वाहन फिसल गई, इस दौरान बाइक पर पीछे बैठी 32 वर्षीय महिला मेधा गिर गई।

इस दौरान विपरीत दिशा से आ रहे एक मिनी मालवाहक वाहन ने महिला को कुचल दिया। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने महिला मेधा को मृत घोषित कर दिया।

पूरा घटनाक्रम

दरअसल, EPF कार्यालय में कार्यरत मेधा अपने सहकर्मी के साथ दोपहिया वाहन पर सिंगासंद्रा की ओर जा रही थी, इसी दौरान कीचड़ भरे टूटी सड़क पर एक पैदल यात्री को बचाने के लिए कार और बाइक सवार ने अचानक ब्रेक लगाए।

ब्रेक लगते ही मेधा बाइक से उछलकर सड़क पर गिर गई, जिसके बाद उसे एक मिनी ट्रक ने कुचल दिया और मेधा की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।

केरल की रहने वाली थी मृतक मेधा

पीड़िता मेधा आकर्ष अनंतनगर की निवासी और मूल रूप से केरल की रहने वाली थी। वह कर्मचारी भविष्य निधि (ईपीएफ) कार्यालय में काम करती थी। उसके परिवार में उसका पति आकर्ष और तीन वर्षीय बेटा है।

पुलिस ने बताया कि यह दुर्घटना अनंतनगर मेन रोड पर सुबह करीब 9 बजे हुई, जब मेधा अपने एक सहकर्मी अजय गुरु के साथ अनंतनगर से सिंगासंद्रा की ओर जा रही थीं।

स्थानीय लोगों में आक्रोश

इस घटना से स्थानीय निवासियों में आक्रोश फैल गया, स्थानीय निवासियों ने सड़क की जर्जर स्थिति को लेकर नगर निगम अधिकारियों के खिलाफ भारी आक्रोश जताया और इस दुर्घटना के लिए सड़क की खराब स्थिति को जिम्मेदार ठहराया।

एक स्थानीय व्हाट्सएप ग्रुप पर प्रसारित संदेश में कहा गया, “इस मौत के लिए अधिकारियों को जिम्मेदार ठहराया जाना चाहिए। सड़कें बुरी तरह से जर्जर होने के कारण कीचड़ और दलदल से भरी हुई हैं।”

पुलिस कर रही मामले की जांच

पुलिस ने सड़क की खराब स्थिति को स्वीकार करते हुए स्पष्ट किया कि प्रारंभिक जांच में अचानक ब्रेक लगाने को दुर्घटना का तात्कालिक कारण बताया गया है। पुलिस ने बताया कि वहां मौजूद किसी भी व्यक्ति ने मिनी मालवाहक वाहन का नंबर नोट नहीं किया। हम आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *