समस्तीपुर मुठभेड़: खुद को घिरता देख शुरू कर दी फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में अपराधी के पैर में लगी गोली

समस्तीपुर में मंगलवार की देर रात पुलिस की जवाबी कार्रवाई में अपराधी प्रिंस कुमार घायल हो गया। उसके पैर में गोली लगी है। घायलावस्था में उसे गिरफ्तार कर समस्तीपुर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

जानकारी के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि जिले में लूट और छिनतई की कई घटनाओं में शामिल कुख्यात अपराधी प्रिंस कुमार अपने सहयोगियों के साथ उजियारपुर थाना के देसुआ  में मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने देर रात छापेमारी  शुरू की।

पुलिस की गोली प्रिंस कुमार के पैर में लगी

पुलिस के मुताबिक, खुद को घिरता देख प्रिंस ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की गोली प्रिंस कुमार के पैर में लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया।

प्रिंस जिले में लगातार हो रही लूट, छिनतई और अन्य आपराधिक घटनाओं में सक्रिय रहा है। पुलिस को उसकी लंबे समय से तलाश थी। पुलिस उसकी आपराधिक गतिविधियों और सहयोगियों के बारे में भी जानकारी जुटाने में लगी है।

समस्तीपुर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया

घटना के बाद घायल अपराधी को पुलिस सुरक्षा के बीच समस्तीपुर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, इस पूरे मामले में पुलिस के वरीय अधिकारी फिलहाल खुलकर कुछ भी बोलने से बच रहे हैं। हालांकि, पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में अपराधियों के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *