अयोध्या के दुर्गा मंदिर में 29 मई को ध्वजारोहण समारोह, 3500 से अधिक महिलाएं बनेंगी अतिथि

रामजन्मभूमि परिसर के परकोटे में निर्मित मां दुर्गा मंदिर पर धर्म ध्वजा का आरोहण 29 मई को साध्वी ऋतंभरा के हाथों प्रस्तावित है। श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने इस आयोजन को मातृशक्ति के नाम समर्पित किया है।

इसी कारण साध्वी ऋतंभरा के अलावा 3500 से अधिक महिलाओं को ही आमंत्रित किया गया है। इनमें राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, विश्व हिंदू परिषद, दुर्गा वाहिनी, मातृशक्ति और भाजपा सहित अन्य महिला संगठनों की बड़ी पदाधिकारी शामिल हैं।

आयोजन शाम छह बजे से मां दुर्गा मंदिर के सामने परकोटे के बाहर उत्तर दिशा में होगा। अतिथियों को प्रवेश शाम पांच बजे से मिलेगा। आयोजन स्थल पर चार हजार से अधिक कुर्सियां बिछाई जाएंगी। ध्वजारोहण के बाद सभी अतिथियों को रामलला व राम परिवार का दर्शन भी कराया जाएगा।

रामजन्मभूमि परिसर के परकोटे में अलग-अलग कोण पर निर्मित पांच पूरक मंदिरों (मां अन्नपूर्णा, सूर्य, हनुमान, गणेश व शिव) का ध्वजारोहण भिन्न-भिन्न तिथियों पर संपन्न हो चुका है।

अब परकोटे के उत्तरी-पश्चिमी कोण पर बने दुर्गा मंदिर का ध्वजारोहण 29 मई को होने जा रहा है। यह परकोटे का आखिरी और परिसर का छठा पूरक मंदिर होगा। सातवें यानी शेषावतार मंदिर पर भी 23 जून को ध्वजारोहण होना है, परंतु ट्रस्ट ने अभी दुर्गा मंदिर के ध्वजारोहण पर ध्यान केंद्रित कर रखा है।

इन दिनों इस आयोजन के लिए अतिथियों की सूची तैयार कर उन्हें आमंत्रण भेजा जा रहा है। पहले इस आयोजन में दो हजार महिलाओं को बुलाने का निर्णय हुआ था, लेकिन सूची बनने पर अतिथियों की संख्या 3500 से अधिक पहुंच गई, जिनमें केवल महिलाएं ही हैं।

आमंत्रित की जा रहीं महिलाओं में परिसर में कार्यरत सुरक्षा एजेंसियों (पुलिस, पीएसी, एसएसएफ, सीआरपीएफ, एलआइयू आदि), राम मंदिर ट्रस्ट और कार्यदायी एजेंसियों (एलएंडटी, टीसीई, यूपीआरएनएन, ईआइएल व अन्य) की अधिकारी व कर्मी भी शामिल हैं।

राम मंदिर के व्यवस्थापक व विहिप पदाधिकारी गोपाल राव ने बताया कि आमंत्रण पत्र भेजने का कार्य लगभग पूरा हो गया है। सभी अतिथियों को प्रवेश पास जारी किया जाएगा, जिसे दिखा कर शाम पांच बजे से प्रवेश मिल सकेगा। किसी भी अतिथि को अस्त्र-शस्त्र या अंगरक्षक ले जाने की अनुमति नहीं होगी। ध्वजारोहण के दौरान दर्शन बाधित नहीं रहेगा।

साध्वी निरंजन ज्योति, मीनाक्षी ताई व प्रज्ञा महाला भी आएंगी

ट्रस्ट ने फतेहपुर की सांसद व राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग की अध्यक्ष साध्वी निरंजन ज्योति, विहिप की केंद्रीय मंत्री व मातृ शक्ति की अखिल भारतीय संयोजिका मीनाक्षी ताई पिश्वे, दुर्गा वाहिनी की राष्ट्रीय संयोजिका प्रज्ञा महाला, राष्ट्रीय सह संयोजिका पिंकी पवार, प्रांतीय संयोजिका अवनी राजपूत, मातृशक्ति की प्रांतीय संयोजिका सीमा जादौन व सरिता यादव जैसी कई बड़ी महिला पदाधिकारियों को आमंत्रित कर विशिष्ट अतिथि बनाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *