प्रदेश सरकार ने ‘जीरो पावर्टी’ अभियान के तहत चिह्नित अति गरीब परिवारों को मुख्यमंत्री आवास योजना-ग्रामीण में प्राथमिकता देने का निर्णय लिया है। इसके लिए ग्राम्य विकास विभाग ने योजना के दिशा-निर्देशों में संशोधन कर दिया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में अति गरीब परिवारों को गरीबी रेखा से ऊपर उठाने के लिए जीराे पावर्टी अभियान शुरू किया है। इसके तहत प्रदेश में लगभग 12.50 परिवारों को चिह्नित किया गया है।
योजना के तहत विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा संचालित कल्याणकारी योजनाओं से जोड़कर इन परिवारों को सबल बनाने का प्रयास किया जा रहा है। इसके तहत ही पात्र परिवारों को मुख्यमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत लाभांवित करने के भरी निर्देश दिए गए हैं।ग्राम्य विकास विभाग के प्रमुख सचिव सौरभ बाबू की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि मुख्यमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के क्रियान्वयन के लिए वर्ष 2018 से समय-समय पर जारी शासनादेशों में विभिन्न वर्ग, समुदाय, जाति और जनजातियों को योजना की निर्धारित पात्रता की अलग-अलग प्राथमिकता श्रेणियों में शामिल किया गया है।अब इसी व्यवस्था में ‘जीरो पावर्टी’ अभियान के तहत चिह्नित परिवारों को भी शामिल किया गया है। इससे उन गरीब परिवारों को पक्का आवास उपलब्ध कराने का रास्ता साफ होगा, जो अभी जर्जर, कच्चे मकानों में रह रहे हैं। प्रमुख सचिव ने ग्राम्य विकास आयुक्त को पत्र भेजकर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

