विदेश में नौकरी कर बेहतर भविष्य बनाने का सपना देख रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। सेवायोजन विभाग की ओर से रोजगार संगम पोर्टल पर विदेशों में रोजगार के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
इस भर्ती अभियान के तहत जर्मनी और सउदी अरब में तकनीकी, गैर तकनीकी और नर्सिंग से जुड़े पदों पर युवाओं का चयन किया जाएगा। विभाग ने इच्छुक अभ्यर्थियों से पोर्टल पर निश्शुल्क पंजीकरण कर समय रहते आवेदन करने की अपील की है।
जिला सेवायोजन अधिकारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि सउदी अरब में विभिन्न कंपनियों के लिए फेब्रिकेशन मैकेनिकल हेल्पर, फिटर, सुपरवाइजर, टेक्नीशियन, वेल्डर और फेब्रिकेशन फोरमैन समेत कुल 90 पदों पर भर्ती की जाएगी।
50 हजार से एक लाख रुपये तक का वेतन
चयनित अभ्यर्थियों को उनके पद और अनुभव के अनुसार प्रतिमाह 50 हजार रुपये से लेकर एक लाख रुपये तक वेतन दिया जाएगा। इसके अलावा कंपनी की ओर से आवास, यात्रा, बीमा और मेडिकल इंश्योरेंस जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। इन पदों के लिए अनुबंध अवधि दो वर्ष निर्धारित की गई है।
उन्होंने बताया कि जर्मनी में स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े क्षेत्र में भी बड़ी संख्या में भर्ती निकाली गई है। वहां सहायक नर्स और केयरगिवर के कुल 1250 पदों पर चयन किया जाएगा। इन पदों के लिए बीएससी नर्सिंग अथवा जीएनएम योग्यता अनिवार्य रखी गई है।
जर्मन भाषा की ट्रेनिंग भी दी जाएगी
चयनित अभ्यर्थियों को जर्मन भाषा का विशेष प्रशिक्षण भी दिया जाएगा, जिससे उन्हें कार्यस्थल पर किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। जिला सेवायोजन अधिकारी के अनुसार जर्मनी में चयनित अभ्यर्थियों को तीन वर्ष के अनुबंध पर प्रतिमाह लगभग 2.30 लाख रुपये वेतन दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि विदेशों में रोजगार पाने के इच्छुक युवा रोजगार संगम पोर्टल पर अपना पंजीकरण कर सभी आवश्यक दस्तावेज अपलोड करें और आवेदन प्रक्रिया पूरी करें। सेवायोजन विभाग युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है।
विदेशों में रोजगार के अवसर मिलने से जिले के युवाओं को बेहतर करियर और आर्थिक मजबूती प्राप्त होगी। विभाग की ओर से आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन और निशुल्क रखी गई है, ताकि अधिक से अधिक युवा इसका लाभ उठा सकें।


