घर पर ही बनाएं बाजार से भी टेस्टी टोमेटो सॉस, एक बार चखेंगे तो मार्केट से खरीदने का नहीं करेगा मन
पकौड़े हों, समोसे हों या फिर बच्चों का फेवरिट पास्ता, टोमेटो सॉस के बिना हर स्नैक का मजा अधूरा सा लगता है। बच्चे तो अक्सर रोटी या पराठे के साथ भी सॉस खाना पसंद करते हैं, लेकिन बाजार से मिलने वाले सॉस में ढेरों प्रिजर्वेटिव्स, केमिकल और जरूरत से ज्यादा चीनी होती है, जो हमारी सेहत के लिए बिल्कुल अच्छी नहीं है।
ऐसे में, क्यों न इस बार घर पर ही एकदम ताजे लाल टमाटरों से टेस्टी सॉस बनाया जाए? जी हां, यह बनाने में बहुत आसान है, पूरी तरह से शुद्ध है और इसका स्वाद इतना गजब का होता है कि आप एक बार इसे चख लेंगे, तो फिर कभी मार्केट से खरीदने का मन नहीं करेगा।
टोमेटो सॉस बनाने के लिए जरूरी सामग्री
बाजार जैसा परफेक्ट स्वाद और रंग पाने के लिए आपको आपकी रसोई में मौजूद कुछ बहुत ही आम चीजों की जरूरत पड़ेगी:
- टमाटर: 1 किलो (एकदम लाल और पके हुए)
- अदरक: 1 इंच का टुकड़ा (कटा हुआ)
- लहसुन: 4-5 कलियां (अगर आप लहसुन खाते हैं)
- प्याज: 1 छोटा (मोटा कटा हुआ)
- चीनी: आधा कप या स्वादानुसार
- सफेद सिरका: एक चौथाई कप
- कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर: 1 छोटी चम्मच
- गरम मसाला: आधा छोटी चम्मच
- नमक: स्वादानुसार (आधा चम्मच सादा नमक और चुटकी भर काला नमक)
टोमेटो सॉस बनाने की आसान विधि
- सबसे पहले टमाटरों को अच्छी तरह धोकर उनके चार-चार टुकड़े कर लें। अब एक गहरे पैन या कुकर में टमाटर, प्याज, अदरक और लहसुन डालें। इसमें आधा कप पानी डालें और धीमी आंच पर 10 से 15 मिनट तक पकने दें, जब तक कि टमाटर एकदम नरम और गल न जाएं।
- जब टमाटर अच्छी तरह पक जाएं, तो गैस बंद कर दें और इस मिश्रण को पूरी तरह से ठंडा होने दें। ध्यान रहे, गरम-गरम बिल्कुल न पीसें। ठंडा होने के बाद इसे मिक्सर ग्राइंडर में डालें और एकदम बारीक पेस्ट बना लें।
- बाजार वाले सॉस जैसा एकदम स्मूद और मखमली टेक्सचर पाने के लिए, इस पेस्ट को एक बड़ी छलनी से अच्छी तरह छान लें। चम्मच से हिलाते हुए छानें ताकि टमाटर के बीज और छिलके ऊपर रह जाएं और आपको बर्तन में एकदम चिकना पल्प मिल जाए।
- अब इस छने हुए टमाटर के पल्प को वापस कढ़ाई या पैन में डालें और गैस पर चढ़ाएं। जब इसमें उबाल आने लगे, तब इसमें चीनी, दोनों तरह के नमक, कश्मीरी लाल मिर्च और गरम मसाला डालकर अच्छे से मिला लें। इसे बीच-बीच में चलाते रहें ताकि यह जले नहीं।
- जब यह उबलकर थोड़ा गाढ़ा होने लगे, तब इसमें सफेद सिरका डाल दें। सिरका डालने से सॉस में बाजार जैसा हल्का खट्टापन आता है और यह लंबे समय तक खराब भी नहीं होता। इसे तब तक पकाएं जब तक कि यह बाजार वाले सॉस जितना गाढ़ा न हो जाए।
- सॉस ठीक से पका है या नहीं, यह चेक करने का एक बहुत आसान तरीका है। एक साफ प्लेट में थोड़ा सा गरम सॉस डालें और प्लेट को हल्का सा तिरछा करें। अगर सॉस में से पानी अलग होकर बहने लगे, तो इसका मतलब है कि इसे अभी और पकाना है, लेकिन अगर सॉस एक साथ अपनी जगह पर टिका रहे और पानी न निकले, तो समझ लीजिए आपका सॉस एकदम तैयार है।
- सॉस को पूरी तरह से ठंडा होने दें और उसके बाद ही इसे किसी कांच की साफ, सूखी और एयरटाइट बोतल या जार में भरकर रखें।
- कांच की बोतल को इस्तमाल करने से पहले गर्म पानी से धोकर अच्छे से सुखा लें, इससे सॉस में फंगस नहीं लगेगी।
- आप इस होममेड सॉस को फ्रिज में रखकर एक से दो महीने तक बहुत ही आराम से इस्तेमाल कर सकते हैं।

विकास कुमार सिंह एक अनुभवी भारतीय पत्रकार और द टकसाल न्यूज़ (The Taksal News) के प्रधान संपादक हैं।

