झारखंड में गर्मी का रौद्र रूप: 8 जिलों में पारा 40°C के पार, 25 अप्रैल तक Heat Wave का येलो अलर्ट जारी

 झारखंड की राजधानी रांची समेत पूरे राज्य में तपती गर्मी का असर लगातार बढ़ता ही जा रहा है। राजधानी का तापमान भी 40.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है।

मौसम विज्ञान केंद्र रांची ने झारखंड में 23 अप्रैल तक के लिए भीषण गर्मी और लू (Heat Wave) चलने को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। भीषण गर्मी का आलम यह है कि राज्य के आठ जिलों का तापमान 40 के पार पहुंच चुका है।

केंद्र द्वारा जारी रिपोर्ट के अनुसार, रांची 40.1 डिग्री, जमशेदपुर 42.4 डिग्री, डाल्टनगंज 43.8 डिग्री, बोकारो 42.1 डिग्री, कोडरमा 40.2 डिग्री, पाकुड़ 41.1 डिग्री, सरायकेला खरसावां 42.4 डिग्री, पश्चिमी सिंहभूम 40.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है।

बिजली गिरने की चेतावनी

IMD के द्वारा जारी Jharkhand Weather Forecast में बताया गया कि 24 और 25 अप्रैल को राज्य के उत्तर पूर्वी हिस्से यानी देवघर, दुमका, गोड्डा, पाकुड़, जामताड़ा, गिरिडीह और साहिबगंज के अलावा निकटवर्ती मध्य भाग यानी रांची, रामगढ़, हजारीबाग, बोकारो, खूंटी, गुमला, लोहरदगा, कोडरमा और धनबाद में कहीं-कहीं मेघगर्जन के साथ 30 से 40 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से तेज हवा बहने की संभावना है।

साथ ही, इस दौरान इन सभी जिलों में बिजली गिरने को लेकर भी यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने आमजनों से सतर्क रहने की अपील की है। लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर न निकलने, पर्याप्त पानी पीने और सावधानी बरतने की अपील की गई है।

विशेषकर बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों को विशेष ध्यान रखने की आवश्यकता है। राहत की खबर यह है कि 24 अप्रैल के बाद राज्य के उत्तर-पूर्वी और निकटवर्ती मध्य हिस्सों में हल्की वर्षा और बादल छाने की संभावना जताई गई है, जिससे तापमान में थोड़ी गिरावट हो सकती है।

ऐसा रहा मौसम

पिछले 24 घंटे के मौसम की बात करें तो राज्य में कहीं कहीं हल्की वर्षा हुई और मौसम शुष्क बना रहा। सर्वाधिक 14.2 मिमी वर्षापात पश्चिमी सिंहभूम के मझगांव में रिकॉर्ड किया गया।

सबसे अधिक अधिकतम तापमान 43.8 डिग्री सेल्सियस डाल्टनगंज का जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 21.3 डिग्री सेल्सियस खूंटी का रिकॉर्ड किया गया।

वहीं, राजधानी रांची का अधिकतम 40.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 25.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद ने कहा कि राजधानी रांची समेत पूरे राज्य में अगले दो दिनों 22 और 23 अप्रैल को अधिकतम तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है जबकि 24 और 25 अप्रैल तक आंशिक बादल छाने से गर्मी से थोड़ी राहत मिलने की संभावना है।

बरतें सावधानी

यदि किसी को सांस लेने में कठिनाई या अचानक अस्वस्थता महसूस हो, तो तुरंत डाक्टर से संपर्क करें। कमरों में हवा के आवागमन के लिए खिड़की-दरवाजे खुले रखें मोबाइल का उपयोग कम करें।

दही, छाछ और नींबू पानी जैसे ठंडे पेय पदार्थों का अधिक सेवन करें। अधिकांश क्षेत्रों में गर्म हवाएं (लू) चल सकती हैं, जिससे सांस लेने में दिक्कत हो सकती है। हर दो से तीन घंटे के काम के बाद कम से कम 30 मिनट का विश्राम लें, सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक सीधी धूप से बचें।

ऐसा रहेगा राजधानी का मौसम

22 अप्रैल : अधिकतम 39 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम 23 डिग्री
23 अप्रैल : अधिकतम 40 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम 23 डिग्री
24 अप्रैल : अधिकतम 40 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम 24 डिग्री
25 अप्रैल : अधिकतम 39 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम 25 डिग्री

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *