उत्तर प्रदेश के एडेड स्कूलों के शिक्षकों को अब मुफ्त मिलेगा फॉर्म-16, 75 लाख का बजट जारी

 प्रदेश के अशासकीय सहायता प्राप्त (एडेड) माध्यमिक विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों एवं शिक्षणेतर कर्मचारियों को फार्म-16 (पूरे वित्तीय वर्ष का वेतन विवरण) निश्शुल्क उपलब्ध कराने के लिए शिक्षा निदेशालय ने 75 लाख रुपये की धनराशि आवंटित की है।

इस संबंध में वित्त नियंत्रक माध्यमिक शिक्षा निदेशालय प्रयागराज की ओर से सभी जिला विद्यालय निरीक्षकों (डीआइओएस) को निर्देश जारी किए गए हैं।यह धनराशि वर्ष 2026-27 के बजट मद ‘व्यावसायिक तथा विशेष सेवाओं के लिए भुगतान’ के अंतर्गत उपलब्ध कराई गई है।डीआईओएस को निर्देशित किया गया है कि फार्म-16 की व्यवस्था के लिए भुगतान प्रक्रिया शासनादेशों, वित्तीय नियमों एवं विभागीय आदेशों के अनुरूप सुनिश्चित की जाए। यदि किसी कारणवश अग्रिम, गलत अथवा दोहरा भुगतान होता है तो उसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों की होगी।

पत्र में स्पष्ट किया गया है कि भुगतान की सभी प्रक्रियाएं जेम पोर्टल के माध्यम से संपन्न की जाएंगी। साथ ही व्यय का पूरा विवरण निर्धारित प्रारूप में समय से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। कहा गया है कि आवंटित धनराशि का उपयोग केवल निर्धारित उद्देश्य के लिए ही किया जाएगा।

वित्तीय अनियमितता पाए जाने पर संबंधित डीआइओएस तथा वित्त एवं लेखाधिकारी जवाबदेह होंगे। निदेशालय ने यह भी कहा है कि यदि वित्तीय वर्ष समाप्ति तक कोई धनराशि शेष रहती है तो उसे 31 मार्च 2027 से पूर्व नियमानुसार समर्पित करना होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *