पश्चिमी चंपारण जिले के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। बेतिया में जल्द ही मल्टी सुपर स्पेशलिटी अस्पताल का निर्माण किया जाएगा। इसको लेकर प्रशासनिक स्तर पर कवायद तेज कर दी गई है और अस्पताल निर्माण हेतु भूमि हस्तांतरण का प्रस्ताव तैयार कर वरीय अधिकारियों को भेज दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, स्वास्थ्य विभाग के सचिव द्वारा अस्पताल निर्माण के लिए बेतिया राज से लगभग 5 एकड़ भूमि उपलब्ध कराने का प्रस्ताव मांगा गया था। इस दिशा में कार्रवाई करते हुए अंचल कार्यालय ने आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर प्रस्ताव तैयार कर लिया है।
अंचलाधिकारी नगमा तसव्वुम ने बताया कि विभागीय निर्देश के आलोक में चयनित भूमि का निरीक्षण कर नजरी नक्शा सहित प्रस्ताव सरकार को भेज दिया गया है। मंजूरी मिलते ही आगे की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। बताया जाता है कि यह अस्पताल बेतिया राज की हजारी स्थित भूमि पर बनाया जाएगा।
अस्पताल के लिए जमीन चिन्हित
राजस्व अभिलेखों के अनुसार खाता संख्या 2, खेसरा 314 में दर्ज 103 एकड़ भूमि में से अमीन की मापी रिपोर्ट के आधार पर 5 एकड़ जमीन अस्पताल निर्माण के लिए चिन्हित की गई है। राजस्व कर्मचारी के प्रतिवेदन के बाद उक्त भूमि को उपयुक्त मानते हुए अंतिम प्रस्ताव तैयार किया गया है।
इस मल्टी सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। यहां विभिन्न बीमारियों के विशेषज्ञ डॉक्टरों की तैनाती के साथ अत्याधुनिक उपकरण लगाए जाएंगे।
इससे जिले के मरीजों को गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए पटना या अन्य बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। स्वास्थ्य विभाग की इस पहल से न केवल पश्चिम चंपारण बल्कि आसपास के जिलों के लोगों को भी काफी लाभ मिलेगा।
स्थानीय लोगों ने इस योजना का स्वागत करते हुए कहा कि लंबे समय से जिले में उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सुविधा की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। अस्पताल के निर्माण से स्वास्थ्य सेवाओं में बड़ा सुधार आएगा और क्षेत्र के विकास को भी गति मिलेगी।


