बड़कोदा-बडगांव में 14 एकड़ में बनेगा अत्याधुनिक जिला स्तरीय स्टेडियम, खिलाड़ियों को मिलेंगी खास सुविधाएं

खेल एवं युवा मामले मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार खेलों और खिलाड़ियों के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार खेलों को लगातार बढ़ावा दे रही हैं।

खेल मंत्री आज गांव बड़कोदा-बडगांव में प्रस्तावित खेल स्टेडियम की साइट का निरीक्षण करने के बाद लोगों से बातचीत कर रहे थे। गौरव गौतम ने कहा कि खेल सुविधाओं को और अधिक बेहतरीन बनाने के लिए गांव बड़कोदा-बडगांव में लगभग 14 एकड़ भूमि पर एक भव्य जिला स्तरीय खेल स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा।

खेल मंत्री ने कहा कि प्रदेश में खिलाड़ियों के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर की ढांचागत सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। आज प्रदेश के खिलाड़ी पूरी दुनिया में नाम रोशन कर रहे हैं। निरीक्षण के दौरान खेल मंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि 14 एकड़ में बनने वाले इस खेल स्टेडियम का निर्माण कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए।

उन्होंने कहा कि इस स्टेडियम के बनने से न केवल नारनौल, बल्कि पूरे जिले के उभरते खिलाड़ियों को अभ्यास के लिए आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी, जिससे वे भविष्य में देश के लिए पदक जीत सकें। इस मौके पर पूर्व मंत्री व नारनौल के विधायक ओम प्रकाश यादव ने कहा कि खेल स्टेडियम का निर्माण होना क्षेत्र के युवाओं के सुनहरे भविष्य की नींव रखेगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की खेल नीति का ही परिणाम है कि आज ग्रामीण क्षेत्रों तक खेलों का ढांचा पहुंच रहा है।

इस अवसर पर उनके साथ भाजपा के जिला अध्यक्ष डॉ. यतेंद्र राव तथा जिला खेल अधिकारी नरेंद्र कुंडू भी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान खेल मंत्री ने स्टेडियम के ले-आउट और भविष्य में उपलब्ध होने वाली खेल विधाओं की विस्तृत समीक्षा की।

इन सुविधाओं से लैस होगा जिला स्तरीय खेल स्टेडियम

गांव बड़कोदा-बडगांव में स्टेडियम के लिए खेल विभाग ने सुविधाओं का विस्तृत ”स्कोप आफ वर्क” तैयार कर मुख्य वास्तुकार को ड्राइंग बनाने के लिए भेज दिया है। इस आधुनिक स्टेडियम में खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं मिलेंगी। यहां 400 मीटर का सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक तैयार किया जाएगा, जिसके बीच में फुटबॉल ग्राउंड होगा। इसके अलावा, हॉकी प्रेमियों के लिए हॉकी एस्ट्रोटर्फ और क्रिकेट के लिए अलग से खेल मैदान का निर्माण होगा।

इनडोर खेलों को बढ़ावा देने के लिए स्टेडियम परिसर में तीन कोर्ट वाला वुडन बैडमिंटन हॉल, एक मल्टीपरपज इंडोर हॉल, और वॉलीबॉल व बास्केटबॉल के लिए इंडोर ग्राउंड बनाए जाएंगे। मार्शल आर्ट्स और पारंपरिक खेलों के लिए कबड्डी, कुश्ती और जूडो के अलग-अलग हॉल की सुविधा दी जाएगी। साथ ही, शूटिंग रेंज, आर्चरी ग्राउंड, सिंथेटिक लॉन टेनिस कोर्ट और एक आधुनिक तैराकी तरणताल (स्विमिंग पूल) भी इस प्रोजेक्ट का हिस्सा हैं।

खिलाड़ियों की सुविधा के लिए यहां लड़के और लड़कियों के लिए अलग-अलग चेंजिंग रूम, बाथरूम और शौचालय बनाए जाएंगे। साथ ही, हर खेल के सामान के लिए विशेष स्टोर रूम और जिला खेल कार्यालय के लिए एक प्रशासनिक भवन का निर्माण भी किया जाएगा।

जिला स्तरीय खेल स्टेडियम के लिए पांच करोड़ की राशि मंजूर करवाई

विधायक ओमप्रकाश यादव केप्रयास से आखिर क्षेत्र के गांव बड़कोदा-बड़गांव में जिला स्तरीय खेल स्टेडियम के लिए पांच करोड़ रुपये की राशि मुख्यमंत्री द्वारा जारी कर दी गई है। खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने विधायक ओमप्रकाश यादव के साथ खेल स्टेडियम स्थल का दौरा किया।

खेल राज्यमंत्री गौरव गौतम ने कहा कि वह पहली बार विधायक व मंत्री बने हैं। कोई काम करना विधायक ओमप्रकाश यादव से करना सीखे। पिछले दिनों बंगाल चुनाव के सिलसिले में बाहर गया था तो नारनौल के विधायक ओमप्रकाश यादव ने मेरे से दूरभाष पर संपर्क किया और खेल स्टेडियम के निर्माण के लिए जल्दी से जल्दी मंजूरी दिलाने का अनुरोध किया। मैने बंगाल चुनाव के दौरान ही अधिकारियों की ऑनलाइन अधिकारियों बैठक ली और इस खेल स्टेडियम को मंजूरी दी। आज नारनौल में आने पर उन्होंने इस कार्य को लेकर फिर गंभीरता दिखाई और मौके का निरीक्षण करवाया है।

विधायक ओमप्रकाश यादव ने प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, खेल मंत्री गौरव गौतम का जिला स्तरीय स्टेडियम बनाने की मंजूरी देने पर आभार जताया। इस मौके पर जिलाध्यक्ष यतेंद्र राव, विधायक के पीआरओ राजेश यादव सहित खेल विभाग के उच्चाधिकारी भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *