मुक्तसर में तापमान 41 पार, गर्मी के बीच ट्रांसफार्मर बना आग का गोला; कई इलाकों की बत्ती हुई गुल

श्री मुक्तसर साहिब के मसीत वाला चौक में सोमवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया जब एक बिजली ट्रांसफार्मर में अचानक जोरदार धमाका हुआ। देखते ही देखते उसमें आग लग गई। आग की लपटें तेजी से उठने लगीं, जिससे आसपास के दुकानदारों और राहगीरों में दहशत फैल गई। घटना दोपहर करीब 12 बजे की बताई जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार धमाके की आवाज सुनते ही लोग घरों और दुकानों से बाहर निकल आए। कुछ समय के लिए इलाके में भय का माहौल बन गया, क्योंकि ट्रांसफार्मर व्यस्त बाजार क्षेत्र के नजदीक स्थित था और आसपास लगातार लोगों की आवाजाही रहती है। आग की लपटें बढ़ती देख स्थानीय लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड और बिजली विभाग को सूचना दी।

आग का कारण बढ़ती गर्मी और ट्रांसफार्मर पर बढ़ रहा लोड बताया जा रहा है। दरअसल, श्री मुक्तसर साहिब में तापमान 41 डिग्री के करीब पहुंच चुका है और हीटवेव का भी अलर्ट जारी किया गया है।

दमकल विभाग ने पाया आग पर काबू

सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते कार्रवाई होने के कारण बड़ा हादसा टल गया, हालांकि ट्रांसफार्मर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।प्राथमिक जानकारी के अनुसार आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। हालांकि स्थानीय स्तर पर ट्रांसफार्मर पर अधिक लोड पड़ने की आशंका जताई जा रही है। बिजली विभाग के अधिकारी तकनीकी जांच के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट होने की बात कह रहे हैं।

कई इलाकों की बिजली हुई बंद

घटना का सबसे अधिक असर मसीत वाला चौक, रेलवे रोड और बूड़ा गुज्जर रोड क्षेत्र के लोगों पर पड़ा। ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त होने के कारण इन इलाकों की बिजली सप्लाई अचानक बंद हो गई। कई दुकानों का कामकाज प्रभावित हुआ, जबकि घरों में पंखे, कूलर और अन्य विद्युत उपकरण बंद हो गए।

उल्लेखनीय है कि सोमवार को श्री मुक्तसर साहिब में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी रहा। अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। ऐसे में बिजली बंद होने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। खासकर बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को अधिक दिक्कत झेलनी पड़ी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *