हरियाणा में पॉलिटेक्निक दाखिला प्रक्रिया शुरू, 14,820 सीटों के लिए इस तारीख तक करें आवेदन

 तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में अपना बेहतर भविष्य बनाने वाले छात्र-छात्राओं के लिए राजकीय बहुतकनीकी संस्थानों में दाखिला प्रक्रिया शुरू हो गई है। नए सत्र 2026-27 में हरियाणा के 38 राजकीय बहुतकनीकी संस्थान में विभिन्न ट्रेडस की 14820 सीटों पर दाखिलें होंगे। 38 कालेजों में तीन महिला कालेज शामिल हैं तथा बाकी में छात्र- छात्राएं दोनों प्रवेश ले सकते है।

वहीं इस बार आठ कालेजों में नए कोर्स शुरू होंगे। जिसमें छह कालेजों में पर्यावरण इंजीनियरिंग की ट्रेड शुरू हुई है तो कुछ कालेज में साइबर फोरेंसिक एंड इंफोरमेशन सिक्योरिटी, फैशन टेक्नोलाजी व इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग एंड व्हीकल टेक्नोलाजी में विद्यार्थी दाखिला ले सकेंगे। डिप्लोमा इंजीनियरिंग कोर्स के लिए 10वीं पास विद्यार्थियों के लिए तीन वर्ष व 12वीं विज्ञान संकाय के लिए दो वर्ष की अवधि निर्धारित की गई है।

जिलावार बात करें तो अंबाला, मेवात, फतेहाबाद, कैथल, भिवानी, पलवल, रेवाड़ी, यमुनानगर व हिसार में दो-दो जबकि चरखी दादरी, फरीदाबाद, गुरुग्राम, झज्जर, जींद, करनाल, कुरुक्षेत्र व सोनीपत में एक-एक बहुतकनीकी संस्थान है।

हिसार के दो कालेजों में 13 ट्रेडस में 900 सीटों पर, सोनीपत में 9 ट्रेडस में 690, करनाल, गुरुग्राम, फरीदाबाद, अंबाला के राजकीय बहुतकनीकी संस्थान में 660-660, महेंद्रगढ़ में 7 ट्रेडस में 480, पलवल के मंडकोला कालेज के आठ ट्रेडस में 450, सिरसा के चौ. देवीलाल राजकीय बहुतकनीकी संस्थान समेत पानीपत व झज्जर में 420-420 सीटों, अंबाला के कल्पना चावला, कुरुक्षेत्र के राजकीय संस्थान में 390-390, भिवानी, हिसार, रेवाड़ी के दो-दो, चरखी दादरी, जींद, पलवल, पंचकूला, रोहतक, सिरसा, यमुनानगर के कालेजों में 360-360 सीटों पर दाखिले होंगे।इसी प्रकार, कैथल, फतेहाबाद, मेवात, पंचकूला, रोहतक, सिरसा, यमुनानगर में 300-300 सीटो पर दाखिले होने है। इसके अलावा रोहतक की महम संस्थान, रेवाड़ी के राव बिजेंद्र सिंह संस्थान में 330-330 सीटों, पंचकूला की मोरनी संस्थान में 150, पंचकूला के महाज्ञानी ऋषि संस्थान में 120 सीटों पर दाखिले होंगे।

बहुतकनीकी संस्थानों में दाखिला लेने के लिए आनलाइन आवेदन मंगलवार से शुरू हो चुके है। 18 मई तक रजिस्ट्रेशन व फीस जमा करवा सकेंगे। संस्थान द्वारा 19 मई तक विद्यार्थियों का सत्यापन किया जाएगा। दाखिलों के लिए दो काउंसलिंग होंगी। विद्यार्थियों को 21 से 25 मई तक अपनी पसंद के कोर्स व कालेज चयन के लिए आवेदन करना होगा।26 मई को सीट आवंटन का परिणाम आएगा। मेरिट के आधार पर परिणाम आने के बाद विद्यार्थियों को संस्थान में जाकर बची हुई प्रक्रिया पूरी करनी होगी। दूसरी काउंसिलिंग में विद्यार्थी दो से चार जून तक कोर्स के लिए आवेदन करेंगे। जिसका परिणाम पांच जून को आएगा।

डिप्लोमा इंजीनियरिंग के लिए विभिन्न जिलों में राजकीय बहुतकनीकी संस्थान खोले गए हैं। इनमें पंचकूला में चार तो सिरसा व रोहतक में तीन-तीन पालिटेक्निक कालेज है। इसके अलावा 9 जिले ऐसे भी है जहां दो-दो संस्थान है तथा 10 जिलों में एक पालिटेक्निक कालेज है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *