मुजफ्फरपुर ठेकेदार हत्याकांड: अंजनी ठाकुर समेत 3 अपराधियों पर इनाम घोषित, 2017 में AK-47 से दी थी हत्या

मिठनपुरा में वर्ष 2017 में ठेकेदार अतुल शाही की हत्या के मामले में हिस्ट्रीशीटर अंजनी ठाकुर व उसके दो गुर्गे के विरुद्ध पुलिस ने पांच-पांच हजार रुपये इनाम की घोषणा की है।

इसमें अंजनी के अलावा मुशहरी के रजवाड़ा का प्रवीण ठाकुर उर्फ नवीन ठाकुर और रजवाड़ा डीह का मोनू ठाकुर शामिल है। जिला पुलिस ने शनिवार को इनाम की घोषणा करते हुए इसे सार्वजनिक किया।

कहा गया कि इन तीनों बदमाशों का पता बताने वाले का नाम गुप्त रखा जाएगा। इसके लिए एक मोबाइल नंबर भी जारी किया गया है। इससे संबंधित सूचना देने के लिए जिला पुलिस कंट्रोल के मोबाइल नंबर 9413896700 पर दे सकते हैं।

एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने बताया मिठनपुरा थाने में वर्ष 2017 में दर्ज हत्या के मामले में फरार अंजनी ठाकुर समेत तीनों आरोपितों के विरुद्ध पांच-पांच हजार रुपये इनाम की घोषणा की गई है। सूचना देने वाले को इनाम की राशि दी जाएगी उनकी पहचान गुप्त रखी जाएगी।

विदित हो कि कांटी थाने के वीरपुर निवासी पावर ग्रिड के ठेकेदार अतुल शाही से हिस्ट्रीशीटर अंजनी ठाकुर ने दो लाख रुपये की रंगदारी मांगी थी। इन्कार करने पर छह अप्रैल 2017 को सुबह मिठनपुरा शिव शंकर पथ स्थित उनके आवास पर ही एके-47 से भूनकर हत्या कर दी थी।

इस केस में पुलिस ने 11 से अधिक बदमाशों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। अंजनी ठाकुर समेत तीनों आरोपित अभी फरार चल रहे है। 12 फरवरी को मिठनपुरा थाने की पुलिस ने अंजनी ठाकुर के रजवाड़ा स्थित घर पर कुर्की जब्ती की कार्रवाई भी की थी। वहीं, दूसरे आरोपित मोनू ठाकुर के घर पर इश्तेहार चस्पा किया था।

अंजनी के मारे जाने की भी होती रही चर्चा

अंजनी ठाकुर के मारे जाने की भी चर्चा होती रहती है। हालांकि पुलिस व स्वजन की ओर से कभी इसकी पुष्टि नहीं की गई। ठेकेदार की हत्या के बाद भी दूसरे लोगों से रंगदारी मांगने का आरोप अंजनी पर लगा था।

किसी मामले में उसकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी। हालांकि पिछले करीब आठ वर्षों से उसके विरुद्ध कोई मामला या किसी घटना में उसकी संलिप्तता सामने नहीं आई है। इससे उसके मारे जाने की भी कभी-कभी चर्चा होती रहती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *